ETV Bharat / state

चंडीगढ़ में पानी-पानी व्यवस्था पर AAP का प्रदर्शन, नाव लेकर पहुंचे पार्षद, जलभराव पर की मेयर के इस्तीफे की मांग

चंडीगढ़ में जलभराव के विरोध में AAP ने नाव लेकर प्रदर्शन किया और मेयर के इस्तीफे समेत जल निकासी में सुधार की मांग की.

Chandigarh Waterlogging AAP Protest
चंडीगढ़ में पानी-पानी व्यवस्था पर AAP का प्रदर्शन (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Haryana Team

Published : August 20, 2026 at 4:03 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

चंडीगढ़: चंडीगढ़ में हाल ही में हुई भारी बारिश के बाद कई इलाकों में जलभराव और बदहाल सड़कों को लेकर आम आदमी पार्टी ने नगर निगम की बैठक से पहले प्रदर्शन किया. AAP पार्षद और कार्यकर्ता हाथों में छोटी नावें लेकर निगम कार्यालय के बाहर पहुंचे और नगर निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए.

नाव लेकर जताया विरोध: प्रदर्शनकारियों ने जलभराव की समस्या को लेकर नगर निगम के खिलाफ नारेबाजी की. AAP ने आरोप लगाया कि मानसून से पहले नालियों और सड़कों की सफाई के दावे किए गए थे, लेकिन सफाई के बाद निकले कचरे के निपटारे की उचित व्यवस्था नहीं की गई.

नालियों में दोबारा पहुंचा कचरा: AAP नेताओं के मुताबिक बारिश के दौरान सड़कों पर पड़ा कचरा बहकर दोबारा नालियों और पाइपों में पहुंच गया. इससे पानी की निकासी प्रभावित हुई और शहर के कई हिस्सों में सड़कें जलमग्न हो गईं. पार्टी ने नगर निगम से जल निकासी व्यवस्था की जिम्मेदारी तय करने की मांग की.

नाव लेकर पहुंचे पार्षद, जलभराव पर की मेयर के इस्तीफे की मांग (ETV Bharat)

लोगों को हुई परेशानी: AAP पार्षदों ने कहा कि जलभराव के कारण आम लोगों को आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ा. उन्होंने कहा कि योजनाबद्ध शहर के तौर पर पहचान रखने वाले चंडीगढ़ में हर बारिश के बाद जलभराव की स्थिति नगर निगम की तैयारियों पर सवाल खड़े करती है.

पुलिस से हुई धक्का-मुक्की: प्रदर्शन के दौरान AAP कार्यकर्ता जब नगर निगम कार्यालय की ओर बढ़ने लगे तो पुलिस ने रास्ता रोक दिया. इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की हुई. कुछ पार्षदों और कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में भी लिया.

अंजू कत्याल ने साधा निशाना: वार्ड-22 की पार्षद अंजू कत्याल ने कहा कि, "बारिश से पहले नगर निगम की ओर से तैयारियों के दावे किए गए थे, लेकिन बारिश के बाद शहर में जलभराव की स्थिति ने इन दावों की पोल खोल दी. लोगों को परेशानी झेलनी पड़ी."

मेयर के इस्तीफे की मांग: AAP ने भाजपा शासित नगर निगम पर सफाई और जल निकासी व्यवस्था में लापरवाही का आरोप लगाते हुए मेयर के इस्तीफे की मांग की. प्रदर्शनकारियों ने जल निकासी की समस्या का स्थायी समाधान करने और निगम व्यवस्था में सुधार की मांग की.

ये भी पढ़ें:चंडीगढ़ में मूसलाधार बारिश, जलभराव के बाद तालाब बनी सड़कें, ट्रैफिक एडवाइजरी जारी