ETV Bharat / state

AAP का रेखा सरकार पर हमला, केजरीवाल बोले- 'दिल्ली में कानून व्यवस्था बदहाल, अब कोई सुरक्षित नहीं'

दिल्ली में आम आदमी पार्टी की कार्यकर्ता और आरडब्ल्यूए अध्यक्ष रचना यादव की दिनदहाड़े गोली मारकर हुई हत्या.

केजरीवाल का रेखा सरकार पर हमला
केजरीवाल का रेखा सरकार पर हमला (Etv Bharat)
author img

By ETV Bharat Delhi Team

Published : January 11, 2026 at 8:09 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

नई दिल्ली: आम आदमी पार्टी ने कानून-व्यवस्था को लेकर एक बार फिर दिल्ली की भाजपा सरकार पर हमला बोला है. दरअसल, मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की विधानसभा शालीमार बाग में आम आदमी पार्टी की कार्यकर्ता और आरडब्ल्यूए अध्यक्ष रचना यादव की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई, जिसके बाद राजनीतिक माहौल गरमा गया है. इसपर 'आप' के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली में हालात इतने बिगड़ चुके हैं कि अब कोई भी सुरक्षित नहीं है.

वहीं, आम आदमी पार्टी के नेता दिल्ली प्रदेश संयोजक सौरभ भारद्वाज का कहना है कि यह घटना न सिर्फ कानून-व्यवस्था की विफलता को उजागर करती है, बल्कि महिलाओं की सुरक्षा पर भी गंभीर सवाल खड़े करती है. आप नेताओं ने दिल्ली पुलिस से दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की है.

अब दिल्ली में कोई सुरक्षित नहीं- केजरीवाल

अरविंद केजरीवाल ने एक्स पर लिखा,'' दिल्ली में हालात इतने बिगड़ चुके हैं कि अब कोई भी सुरक्षित नहीं है. मुख्यमंत्री की अपनी विधानसभा में हुई ये वारदात भाजपा सरकार की नाकामी और कानून-व्यवस्था के पूरी तरह चरमरा जाने का सबूत है. ये घटना बेहद निंदनीय और अस्वीकार्य है. आम आदमी पार्टी की जुझारू कार्यकर्ता रचना यादव जी के परिवार के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं. ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति दें.''

सीएम आवास से 400 मीटर दूर हत्या

वहीं दिल्ली प्रदेश संयोजक सौरभ भारद्वाज ने कहा कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के निर्वाचन क्षेत्र शालीमार बाग में उनके आवास से महज 400 मीटर की दूरी पर दिनदहाड़े हत्या कर दी गई. उन्होंने कहा कि चार इंजन वाली भाजपा सरकार में कानून-व्यवस्था की स्थिति बेहद चिंताजनक है. वहीं, 'आप' विधायक अजेश यादव ने कहा कि बादली विधानसभा के भलस्वा गांव की रहने वाली पार्टी कार्यकर्ता रचना यादव की शालीमार बाग में उनके घर के बाहर गोली मारकर हत्या कर दी गई. यह घटना पूरे समाज को झकझोर देने वाली है.

दिनदहाड़े हत्या महिलाओं की सुरक्षा पर सवाल

वहीं पूर्व विधायक विनय मिश्रा ने कहा कि शालीमार बाग वार्ड-56 की महिला विंग अध्यक्ष रचना यादव की दिनदहाड़े हत्या बेहद दुखद और निंदनीय है. अब तक हत्यारों का गिरफ्त से बाहर होना पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करता है. उधर, 'आप' पार्षद जलज चौधरी ने कहा कि देश की राजधानी दिल्ली में दिनदहाड़े हत्या होना कानून-व्यवस्था की बदहाली को दर्शाता है. रचना यादव पार्टी की समर्पित कार्यकर्ता थीं, जिनकी हत्या से पूरा क्षेत्र स्तब्ध है.

ये भी पढ़ें:

  1. दिल्ली विधानसभा: 'फांसी घर' विवाद में केजरीवाल और सिसोदिया के खिलाफ कार्रवाई की सिफारिश
  2. दिल्ली विधानसभा शीतकालीन सत्र: BJP विधायकों का केजरीवाल के खिलाफ प्रदर्शन, AAP ने वायु प्रदूषण के मुद्दे पर सरकार को घेरा
  3. दिल्ली राजनीति 2025: बयानों का दंगल और वायरल होती सुर्खियां; वार-पलटवार ! सब जानें एक क्लिक में
  4. दिल्ली विधानसभा सत्र में आवारा कुत्तों की गिनती पर सियासी तकरार तेज, आशीष सूद ने अरविंद केजरीवाल को लिखा पत्र