पॉल्यूशन मास्क की कीमतों को लेकर भिड़े AAP और BJP, दिल्ली विधानसभा में आप नेताओं ने पहना था मास्क
दिल्ली में प्रदूषण को लेकर आम आदमी पार्टी के विधायकों ने विधानसभा में मास्क लगाकर प्रदर्शन किया था.

Published : January 6, 2026 at 4:19 PM IST
नई दिल्ली: दिल्ली विधानसभा के शीतकालीन सत्र में मास्क को लेकर सियासी बयानबाजी जारी है. पहले दिन 5 जनवरी को विधानसभा में प्रदूषण के मुद्दे पर भारी राजनीतिक ड्रामा देखने को मिला था. अब दूसरे दिन मंगलवार को दिल्ली सरकार के मंत्री और आम आदमी पार्टी के नेता मास्क की कीमत को लेकर आमने-सामने हो गए. पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने आतिशी व अन्य आप नेताओं ने जो मास्क पहनी थी उसकी कीमत 2 लाख बताई. वहीं, आप नेता ने पलटवार करते हुए सवाल पूछा कि 600 रुपये के मास्क की कीमत लाखों में बढ़ाकर बताने का मकसद क्या है?
आम आदमी पार्टी के विधायकों ने सोमवार को शहर की 'ज़हरीली हवा' के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करने के लिए सदन के भीतर इंडस्ट्रियल गैस मास्क पहनकर प्रवेश किया था. जिसके बाद सत्ता पक्ष (भाजपा) और विपक्ष (आप) के बीच तीखी झड़प हुई. सत्र की शुरुआत होते ही नेता प्रतिपक्ष आतिशी के नेतृत्व में 'आप' विधायक चेहरे पर बड़े गैस मास्क लगाकर सदन में पहुंचे.
विधायकों ने आरोप लगाया कि दिल्ली 'गैस चैंबर' बन चुकी है और भाजपा सरकार वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) के आंकड़ों में हेराफेरी कर रही है. जब उपराज्यपाल वी.के. सक्सेना अपना अभिभाषण शुरू करने वाले थे, तभी 'आप' विधायकों ने नारेबाजी शुरू कर दी. विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने इसे सदन की गरिमा के खिलाफ बताते हुए विधायकों को मास्क उतारने का निर्देश दिया. निर्देश न मानने पर चार विधायकों संजीव झा, सोम दत्त, कुलदीप कुमार और जरनैल सिंह को मार्शल के जरिए सदन से बाहर निकाल दिया गया और पूरे सत्र के लिए निलंबित कर दिया गया.
.@mssirsa जी का शायद अब अगला कदम साफ है— 600 रुपये वाले मास्क को 2 लाख रुपये प्रति मास्क बताकर कोई नया टेंडर लगा कर नया घोटाला करने की तैयारी हो चुकी है।
— Sanjeev Jha (@Sanjeev_aap) January 6, 2026
11 महीनों में दिल्ली का प्रदूषण जस का तस रहा, क्लाउड सीडिंग के नाम पर जनता के 37 लाख रुपये बर्बाद हुए, और अब वही नाकाम सरकार… https://t.co/880GRZkdZ0 pic.twitter.com/NqYo2keDWD
मास्क की 'कीमत' पर भिड़े मंत्री और नेता
मंगलवार को विवाद उस समय और गहरा गया जब दिल्ली के पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने 'आप' नेताओं पर कटाक्ष करते हुए उनके मास्क की कीमत पर सवाल उठाए. सिरसा ने आरोप लगाया कि आप विधायक जनता की सेहत की चिंता करने के बजाय राजनीति कर रहे हैं. वे सदन में दो-दो लाख रुपये के महंगे 'इंपोर्टेड' मास्क पहनकर आए हैं, जबकि दिल्ली की आम जनता प्रदूषण की मार झेल रही है. दूसरे दिन आतिशी बिना मास्क के विधानसभा आईं. क्या रातोंरात प्रदूषण खत्म हो गया?
आम आदमी पार्टी के विधायक का पलटवार
जवाब में आम आदमी पार्टी के विधायक संजीव झा ने पलटवार करते हुए कहा कि सरकार प्रदूषण को रोकने के अपने वादे में विफल रही है. उन्होंने कहा, जब दिल्ली की हवा में ज़हर घुला है, तो क्या हमें अपनी जान बचाने के लिए मास्क पहनने का भी अधिकार नहीं है? सरकार मास्क की कीमत देख रही है, लेकिन उन बच्चों के फेफड़ों की कीमत नहीं देख रही जो इस ज़हरीली हवा में सांस ले रहे हैं.
आप विधायक ने लिखा कि मनजिंदर सिरसा का शायद अब अगला कदम साफ है 600 रुपये वाले मास्क को 2 लाख रुपये प्रति मास्क बताकर कोई नया टेंडर लगा कर नया घोटाला करने की तैयारी हो चुकी है. 11 महीनों में दिल्ली का प्रदूषण जस का तस रहा, क्लाउड सीडिंग के नाम पर जनता के 37 लाख रुपये बर्बाद हुए, और अब वही नाकाम सरकार मास्क के नाम पर जनता के पैसों को उड़ाने की फिराक में है. पहले अपनी 11 महीनों की नाकामी और 37 लाख के घोटाले का हिसाब दीजिए, फिर मास्क की काल्पनिक कीमतों की बात कीजिए.
विधानसभा परिसर में भी AAP का प्रदर्शन
प्रदूषण के मुद्दे पर भाजपा सरकार को घेरते हुए आम आदमी पार्टी ने विधानसभा परिसर में प्रदर्शन भी किया. नेता विपक्ष आतिशी ने कहा कि पिछले 10 महीनों में भाजपा सरकार ने प्रदूषण कम करने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया. उन्होंने मांग की कि सरकार 'ग्रैप' के नियमों को कड़ाई से लागू करे और अस्पतालों में दवाओं की कमी को दूर करे. बता दें कि दिल्ली विधानसभा में हुआ यह विवाद केवल मास्क की कीमत या दिखावे तक सीमित नहीं है, बल्कि यह दिल्ली में गहराते प्रदूषण संकट और उस पर होने वाली राजनीति का प्रतिबिंब है. जहां विपक्ष सुरक्षा को अधिकार बता रहा है. वहीं, सत्ता पक्ष इसे फिजूलखर्ची और जिम्मेदारी से भागने का तरीका मान रहा है.
ये भी पढ़ें:

