ETV Bharat / state

आम आदमी पार्टी का अनोखा प्रदर्शन, भेड़-बकरी लेकर मेयर कार्यालय के बाहर पहुंचे पार्षद

AAP पार्षदों ने भाजपा मेयर राजा इकबाल सिंह पर महिला पार्षदों को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी करने का आरोप लगाया है.

आम आदमी पार्टी का अनोखा प्रदर्शन
आम आदमी पार्टी का अनोखा प्रदर्शन (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Delhi Team

Published : January 10, 2026 at 7:58 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

नई दिल्ली: दिल्ली नगर निगम मुख्यालय सिविक सेंटर में आम आदमी पार्टी के निगम पार्षदों ने शनिवार को अनोखे तरीके से विरोध प्रदर्शन किया. भाजपा मेयर राजा इकबाल सिंह पर महिला पार्षदों को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी करने का आरोप लगाते हुए AAP पार्षद प्रतीकात्मक रूप से भेड़-बकरी लेकर महापौर कार्यालय के बाहर पहुंचे और जोरदार नारेबाजी की.

AAP पार्षदों का कहना है कि एमसीडी सदन की हालिया बैठक में महिला पार्षदों के लिए जिस भाषा का प्रयोग किया गया, वह न केवल असंसदीय है बल्कि महिलाओं के सम्मान के खिलाफ भी है. इसी के विरोध में पार्टी ने यह प्रतीकात्मक प्रदर्शन किया, ताकि महिलाओं के अपमान के मुद्दे को मजबूती से उठाया जा सके. पार्षदों ने मांग की कि मेयर राजा इकबाल सिंह इस टिप्पणी पर सार्वजनिक रूप से माफी मांगें और नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए पद से इस्तीफा दें. AAP नेताओं का कहना है कि नगर निगम जैसे संवैधानिक मंच पर इस तरह की भाषा को बर्दाश्त नहीं किया जा सकता.

आम आदमी पार्टी का अनोखा प्रदर्शन (ETV Bharat)

आम आदमी पार्टी का अनोखा प्रदर्शन: अंकुश नारंग ने कहा कि शनिवार को मेयर ने सदन के अंदर जिस शब्दावली का इस्तेमाल किया, वह उस पद की गरिमा के खिलाफ है. उन्होंने महिला पार्षदों को ‘भेड़-बकरियां’ कहकर संबोधित किया. मेयर ने माफी भी मांगी थी. बाद में मेयर कह रहे हैं कि उन्होंने कुछ बोला ही नहीं. अगर उन्होंने कुछ नहीं बोला, तो फिर वह माफी किस बात की मांग रहे थे? देश के अंदर बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ की बात करने वाली भाजपा को शर्म आनी चाहिए कि उनके मेयर महिलाओं को भेड़-बकरी कह रहे हैं. ऐसे मेयर को तुरंत प्रभाव से बर्खास्त कर देना चाहिए.

अंकुश नारंग ने आगे कहा कि जो व्यक्ति महिलाओं का सम्मान नहीं कर सकता, उसे ऐसे पद पर बैठने का कोई अधिकार नहीं है. यह वही महिलाएं हैं, जिन्होंने भाजपा को दिल्ली विधानसभा में 70 में से 48 सीटें दी हैं, केंद्र में तीन-तीन बार सरकार बनाई है और दिल्ली में सातों सांसद जिताकर दिए हैं. उन्हीं महिलाओं को मेयर राजा इकबाल सिंह भेड़-बकरी कह रहे हैं, जो शर्मनाक है. भाजपा को तुरंत प्रभाव से उन्हें बर्खास्त करना चाहिए.

वहीं, एमसीडी सह-प्रभारी प्रवीण कुमार ने कहा कि भाजपा की मानसिकता ऐसी हो गई है कि वे दिल्ली और देश की महिलाओं को नीचा दिखाने का कोई मौका नहीं छोड़ते. सदन में यही हुआ जब मेयर राजा इकबाल सिंह ने महिला पार्षदों को भेड़-बकरी कहकर संबोधित किया. अगर भाजपा को यह फर्क दिखाई नहीं देता, तो उन्हें इन भेड़-बकरियों को अपनी पार्टी में शामिल करके चुनाव लड़वाना चाहिए और पार्षद बनवाना चाहिए. भाजपा की अकल को क्या हो गया है, इसके लिए उन्हें ‘सद्बुद्धि यज्ञ’ करना चाहिए. भाजपा लगातार महिलाओं का अपमान कर रही है. जहां भी बड़े कांड होते हैं, वहां भाजपा नेता का नाम जरूर आता है.

यह भी पढ़ें: