ETV Bharat / state

अलवर: दो गुटों के झगड़े में बीच-बचाव करने आए युवक को मारी गोली, विरोधी गुट का मान बैठे हमलावर

हमलावरों ने 10 से 12 राउंड फायर भी किए. पीड़ित युवक के पैर में लगे छर्रे. अस्पताल में इलाज जारी है.

Udyog Nagar Police Station, Alwar
उद्योग नगर थाना,अलवर (ETV Bharat Alwar)
author img

By ETV Bharat Rajasthan Team

Published : March 2, 2026 at 3:04 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

अलवर: शहर के उद्योग नगर थाना क्षेत्र में रविवार देर रात को एक युवक को दो गुटों में बीच-बचाव करना महंगा पड़ गया. हमलावरों ने युवक के सिर पर बंदूक से वार कर उसे घायल कर दिया. अज्ञात बदमाशों ने साथ ही दहशत फैलाने को 10-12 राउंड फायरिंग भी की. इसमें युवक के पैर में कुछ छर्रे लगे. घटना तब हुई, जब युवक रात में अपने गांव चोरोटी लौट रहा था. रास्ते में दो पक्षों को झगड़ते देख उन्हें छुड़ाने गया था. हमलावरों ने विरोधी गुट से जुड़ा होने के शक में युवक पर हमला कर दिया. युवक की जेब में रखे 9500 रुपए भी हमलावर लूट ले गए.

एक युवक को पकड़ा: उद्योग नगर थानाधिकारी भूपेन्द्र सिंह ने बताया कि घटना की सूचना मिलने पर पुलिस जाप्ता मौके पर पहुंचा. घटनास्थल का जायजा लिया. घायल युवक का अलवर के जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है. पुलिस ने पीड़ित के बयान दर्ज कर लिए हैं. आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रहे हैं. इस मामले में एक युवक को दस्तयाब किया है. उससे पूछताछ की जा रही है. टीम अन्य हमलावरों की तलाश में जुटी है.

पढ़ें: अटरू में मामूली बात पर विवाद के बाद युवक पर हमला, 9 लोग गिरफ्तार

पीड़ित युवक सुमित ने बताया कि रविवार रात करीब 11:45 बजे अपने एक परिचित के साथ थानागाजी से अपने गांव चोरोटी पहाड़ लौट रहा था. खाना लेने एक जगह रुका, तभी सैयद कॉलोनी के पास दो पक्षों को आपस में लड़ते देखा. मानवीय संवेदना दिखाते सुमित उन्हें छुड़ाने गया, लेकिन वहां मौजूद कुछ लोगों ने उसे विरोधी गुट का सदस्य समझ लिया. उसे कुछ दूरी पर ले जाकर हमला कर दिया. हालात बिगड़ते देख सुमित परिचित के साथ टैंपो में बैठकर वहां से रवाना हो गया, लेकिन हमलावरों ने उसका पीछा कर कुछ दूरी पर मस्जिद के पास टैंपो रुकवा लिया. उस पर दोबारा हमला कर दिया.

पीड़ित सुमित ने आरोप लगाया कि एक हमलावर ने उसे सिर पर बंदूक से वार किया. दूसरे व्यक्ति ने उसके पैर में गोली मार दी. आरोपी ने दहशत फैलाने के लिए मौके पर 10 से 12 राउंड फायर किए. सुमित की जेब से साढ़े नौ हजार रुपए निकालकर फरार हो गए. सुमित गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना की सूचना उद्योग नगर थाना पुलिस को दी.

पढ़ें: पुराने विवाद के चलते लाठियों से पीट-पीटकर युवक की हत्या, कुछ माह पहले ही जेल से छूटा था