आधी रात का हाईवोल्टेज ड्रामा: दौसा में युवक ने उड़ाई पुलिस-प्रशासन की नींद, जानें क्या है मामला
युवक को बिजली के खंभे पर चढ़ा देख लोगों की भीड़ जमा हो गई.

Published : January 8, 2026 at 8:54 AM IST
दौसा : जिला मुख्यालय पर बुधवार देर रात उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवक ने हाईवोल्टेज ड्रामा करते हुए बिजली के पोल पर चढ़कर तारों पर झूलना शुरू कर दिया. शहर के व्यस्त इलाके में हुई इस सनसनीखेज घटना ने पुलिस और प्रशासन की नींद उड़ा दी, वहीं मौके पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए. कुछ देर के लिए पूरा इलाका दहशत और कौतूहल के माहौल में बदल गया. बिजली के तारों पर झूलने वाले युवक की पहचान सुरेश कुमार कुशवाह के रूप में हुई है, जो उत्तर प्रदेश के काशीरामपुर का निवासी बताया जा रहा है.
कोतवाली थाना प्रभारी भगवान सहाय ने बताया कि प्रारंभिक जांच में युवक मानसिक रूप से अस्वस्थ प्रतीत हो रहा है. पूछताछ में सामने आया कि सुरेश कुमार कुशवाह बुधवार दोपहर जयपुर से ट्रेन में बैठकर अपने गांव जा रहा था, लेकिन किसी कारणवश दौसा रेलवे स्टेशन पर ही उतर गया और बाद में यह घटनाक्रम सामने आया. फिलहाल युवक को शांतिभंग के आरोप में गिरफ्तार किया गया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है.
इसे भी पढ़ें: दौसा :बिजली बिल विवाद सुलझाने गए पुलिसकर्मी को जड़ा थप्पड़...अफरातफरी
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक अचानक कोतवाली थाना क्षेत्र के पास स्थित बिजली के पोल पर चढ़ गया और जान जोखिम में डालते हुए हाईटेंशन तारों के बीच झूलने लगा. यह दृश्य देखकर हर किसी की सांसें थम गईं, क्योंकि जरा-सी चूक बड़ा हादसा बन सकती थी.
आधे पोल पर चढ़ने ही कटवा दे विद्युत आपूर्ति : सूचना मिलते ही दौसा कोतवाली पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और हालात की गंभीरता को समझते हुए बिजली विभाग से संपर्क किया गया. सुरक्षा के लिहाज से तत्काल बिजली आपूर्ति बंद करवाई गई, ताकि युवक को करंट लगने से बचाया जा सके. इसके साथ ही एहतियातन बिजली के तारों के नीचे सुरक्षा जाल भी लगाया गया, जिससे यदि युवक गिरता है तो उसकी जान बचाई जा सके.
इसे भी पढ़ें: कृषि उपज मंडी में अवैध वसूली का बड़ा खुलासा, दलाल के पास से 25 लाख से अधिक नकदी बरामद
करीब कई घंटों तक चले इस रेस्क्यू ऑपरेशन में पुलिस और बिजली विभाग के कर्मचारियों ने संयम और सतर्कता के साथ काम किया. युवक काफी देर तक तारों पर झूलता और हिलता रहा, जिससे मौके पर मौजूद लोगों की चिंता और बढ़ गई. आखिरकार कड़ी मशक्कत के बाद देर रात करीब 11 बजे युवक को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया. इस राहत भरे पल के बाद पुलिस और स्थानीय लोगों ने भी चैन की सांस ली.

