परिवार के इकलौते कमाऊ को डंपर ने कुचला, प्रशासन के मुआवजे के आश्वासन पर टाला धरना
युवक फोटोग्राफी का काम करता था और परिवार का इकलौता कमाने वाला सदस्य था. उसकी दो बेटियां भी हैं.

Published : December 2, 2025 at 3:17 PM IST
जोधपुर: शहर के बोरानाडा क्षेत्र में सोमवार शाम को एक युवक को डंपर ने कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. पुलिस ने युवक का शव महात्मा गांधी अस्पताल में रखवाया. परिजनों ने सोमवार रात को मुआवजे की मांग को लेकर शव उठाने से इनकार कर दिया. मंगलवार सुबह धरना शुरू हुआ और बड़ी संख्या में लोग जुट गए. मोर्चरी के बाहर सड़क जाम कर दी गई. इसके बाद प्रशासन हरकत में आया. पांच लाख रुपए के मुआवजे के बाद धरना खत्म किया गया.
बोरानाडा थानाधिकारी शकील अहमद ने बताया कि चांदपोल निवासी नरेश पेशवा पुत्र मुरलीमनोहर पेशवा सोमवार को शाम करीब पांच बजे गंगाना की तरफ बाइक पर जा रहा था. इस दौरान वह एक डंपर की चपेट में आ गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई. उसका साथी घायल हो गया. थानाधिकारी ने बताया कि डंपर चालक को पकड़ लिया गया है.
पढ़ें: भरतपुर में बाइक-एंबुलेंस की भिड़ंत, सरसों मंडी से लौट रहे दो भाइयों की मौत
सड़क हुई जाम, लोग परेशान: नरेश के परिजनों ने बताया कि वह फोटोग्राफी का काम करता था और परिवार का इकलौता कमाने वाला सदस्य था. उसकी दो बेटियां भी हैं. इसके चलते समाज के लोगों ने मुआवजे की मांग को लेकर धरना दिया. धरने के कारण सुबह स्टेशन रोड जाम हो गया और लोगों को आने-जाने में परेशानी हुई. इस दौरान सरदारपुरा थानाधिकारी ने लोगों को समझाया.
विधायक को बुलाने की मांग: इधर, घटना के बाद उपखंड अधिकारी पंकज जैन ने मौके पर पहुंचकर परिजनों से वार्ता की और उन्हें मुख्यमंत्री आयुष्मान योजना के तहत पांच लाख रुपए का मुआवजा देने का आश्वासन दिया. इसके बाद परिजन संतुष्ट हुए और उन्होंने शव लेने के लिए सहमति दे दी. वार्ता के दौरान कांग्रेस जिलाध्यक्ष ओमकार वर्मा और नरेश जोशी भी मौजूद रहे. लोगों ने सूरसागर विधायक देवेंद्र जोशी को बुलाने की मांग की, लेकिन वे नहीं पहुंचे. इसको लेकर लोगों की नाराजगी भी देखने को मिली.

