चूरू: प्रेम विवाह के बाद परिजनों की धमकियां, प्रेमी युगल ने एसपी से मांगी सुरक्षा
प्रेम विवाह करने वाले छापर के युवक पुरुषोत्तम बावरी और द्रोपती ने चूरू एसपी कार्यालय पहुंचकर सुरक्षा की गुहार लगाई है.

Published : May 8, 2026 at 8:05 PM IST
चूरू: प्रेम विवाह करने वाले प्रेमी युगल के लिए अब अपने ही परिजन अब उनकी जान के दुश्मन बन गए हैं. खतरे को भांपते हुए यह प्रेमी जोड़ा पुलिस से सुरक्षा की मांग कर रहा है. छापर निवासी पुरुषोत्तम बावरी और द्रोपती ने प्रेम विवाह रचाने के बाद परिजनों के लगातार धमकाने के कारण चूरू एसपी कार्यालय पहुंचकर उच्च अधिकारियों से सुरक्षा की गुहार लगाई.
एएसपी सुनील कुमार ने बताया कि युवक-युवती ने विवाह संबंधी दस्तावेजों के साथ शिकायत दर्ज कराई है. उन्होंने परिजनों पर धमकाने का आरोप लगाया है. एसपी कार्यालय ने संबंधित थाने को आवश्यक दिशा-निर्देश दे दिए हैं और कानूनी कार्रवाई के लिए निर्देशित किया गया है. प्रेमी जोड़े ने परिवाद में स्पष्ट रूप से जान-माल का खतरा बताते हुए पर्याप्त सुरक्षा मुहैया कराने की मांग की है.
इसे भी पढ़ें- प्रेम विवाह करने वाली विवाहिता ने पति पर लगाए गंभीर आरोप, मामला दर्ज
पुलिस से लगाई सुरक्षा की गुहार: पुरुषोत्तम बावरी ने बताया कि स्कूल-कॉलेज जाते समय द्रोपती से उनकी जान-पहचान हुई, जो दोस्ती में बदल गई और बाद में प्यार में परिवर्तित हो गई. चार साल की लंबी दोस्ती के बाद दोनों ने 12 दिसंबर 2025 को घर से निकलकर प्रेम विवाह करने का फैसला किया. 17 दिसंबर को चूरू एसपी कार्यालय पहुंचने के बाद वे हैदराबाद चले गए और 25 मार्च 2026 को जोधपुर के आर्य समाज मंदिर में विवाह किया तथा कोर्ट मैरिज भी कराई.
परिजनों ने दी धमकी: इसके बाद दोनों सुजानगढ़ में रहने लगे, लेकिन शादी के बाद दोनों ने आरोप लगाया कि द्रोपती के जीजा बजरंग और गणपत समेत परिजन लगातार जान से मारने की धमकियां दे रहे हैं. युवती के परिजन इसलिए नाराज हैं क्योंकि उन्होंने उनकी सहमति के बिना दूसरे समाज में शादी कर ली.
इसे भी पढ़ें- बेटी के प्रेम विवाह से नाराज परिजनों ने लड़के के घर में की तोड़फोड़, घर में पेट्रोल छिड़क किया आग के हवाले

