नूंह में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर अचानक फटी कार की टायर, हादसे में महिला और बच्चे की मौत
नूंह में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर महिला और बच्चे की मौत, अचानक से टायर फटने से हुआ हादसा

Published : February 23, 2026 at 6:36 PM IST
नूंहः दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक महिला और एक बच्चे की मौके पर मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायलों को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है. हादसा नूंह जिले के रोजका मेव थाना क्षेत्र में हिलालपुर टोल प्लाजा के समीप हुआ.
टायर फटने से कार हुई अनियंत्रितः पुलिस के अनुसार जयपुर से दिल्ली की ओर आ रही एक कार में चालक, एक महिला और दो बच्चे सवार थे. जयपुर की ओर से आ रही कार जब हिलालपुर टोल प्लाजा के समीप पहुंची तो अचानक चालक को नींद की झपकी आ गई. फिर गाड़ी का अचानक टायर फट गया, जिससे वाहन अनियंत्रित हो गया और भीषण हादसा हो गया.
2 घायलों का जारी है इलाजः इस दुर्घटना में महिला और एक बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई, मृतक महिला का नाम माधुरी (35) बच्चे का कृष्ण (3) बताया गया है. जबकि दूसरे बच्चे और कार चालक को भी गंभीर चोटें आईं हैं. घायलों को तुरंत नजदीकी निजी अस्पताल में पहुंचाया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है.
शवों का हुआ पोस्टमार्टमः रोजका मेव थाना प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि "हादसे की सूचना सोहना अस्पताल से मिलने के बाद जांच अधिकारी मौके पर पहुंचे. पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम कराया है. दुर्घटनाग्रस्त वाहन को भी जब्त कर लिया गया है."
अपने वाहनों की नियमित करायें जांचः डीएसपी पृथ्वी सिंह ने कहा कि "दिल्ली मुंबई एक्सप्रेस वे पर हादसे अधिक होते हैं. लिहाजा गाड़ी को कम रफ्तार में चलाएं समय-समय पर अपने वाहनों के टायर इत्यादि में प्रेशर इत्यादि चेक करें. सरकार हादसों में कमी लाने के लिए पूरी तरह से गंभीर है. हर वर्ष 172000 के करीब लोगों की सड़क हादसे में मौत हो जाती है."

