कंधों पर लादकर कार को ले जाते दिखे लोग, वीडियो हुआ वायरल
कलवारी पंचायत में लोग कार को कंधों पर ले जाते दिखे. अब सोशल मीडिया पर इसका वीडियो वायरल हो गया है.

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team
Published : December 30, 2025 at 1:53 PM IST
|Updated : December 30, 2025 at 7:40 PM IST
कुल्लू: 2025 में मानसून सीजन के दौरान हिमाचल में भारी आपदा आई. कुल्लू, मंडी, शिमला समेत सभी जिलों में बारिश ने खूब तांडव मचाया. कई किलोमीटर तक सड़कें बह गई. कुछ इलाकों में सड़कें बहाल हो गई हैं, लेकिन अभी भी कई ग्रामीण इलाके सड़क सुविधा से कटे हुए हैं. सड़कों और गांवों में अभी भी कई गाड़ियां महीनों से फंसी हुई हैं.
कुल्लू जिला के उपमंडल बंजार में भी आपदा के कई माह बाद भी हालात सुधर नहीं पाए हैं. बंजार उप मंडल की कई सड़कें महीनों के बाद अभी भी बंद पड़ी हैं. बंजार से गलवाधार-रम्भी सड़क आपदा आने के बाद अगस्त माह से बंद हैं. इस सड़क मार्ग को अब तक नहीं खोला गया है. ऐसे में यहां कई वाहन सड़क पर फंसे है. लोगों को अपनी गाड़ियों को चिंता सता रही है और उनका धैर्य जवाब दे रहा है.
अलग अलग किए गए पुर्जे
गलवाधार-रम्भी सड़क पर कलवारी पंचायत में कई महीनों से फंसी हुई ऑल्टो गाड़ी को लोगों ने कंधों पर लादकर उसे वाहन योग्य सड़क मार्ग तक पहुंचाया. अब इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. फगरौट गांव के रहने वाली गाड़ी मालिक ज्ञान चंद ने कहा कि 'बार-बार आग्रह के बावजूद जब किसी ने नहीं सुनी तो गाड़ी के पुर्जे और इंजन खोला गया. गाड़ी की चेसीज को डंडों के सहारे बांध कर कंधों पर उठाकर तीन से चार किलोमीटर पैदल चलने के बाद इसे वाहन योग्य सड़क तक पहुंचाया गया. इसके बाद गाड़ी के पुर्जे फिर से जोड़कर उसे आगे ले जाया गया. कई महीनों से यहां गाड़ी खड़ी थी. खड़ी होने के कारण इसकी हालत खराब हो रही थी. ऐसे में कुछ लोगों को साथ लेकर गाड़ी को यहां से निकालने का निर्णय लिया था. इस काम में दर्जनों लोगों ने अपना सहयोग दिया.'
25 मीटर तक सड़क हो चुकी है क्षतिग्रस्त
गौर रहे कि आपदा के बाद गलवाहधार-रंभी सड़क पूरी तरह से बहाल नहीं हो पाई है. पलाहच से आगे आधा किलोमीटर जमद तक ही वाहन चल रहे हैं. कलवारी पंचायत की प्रधान प्रेमलता ने कहा कि आपदा के बाद बंद पड़ी सड़क को खोलने के लिए लोक निर्माण विभाग से आग्रह किया गया है. विभाग ने जल्द सड़क मार्ग को खोलने का आश्वासन दिया है. उधर, लोक निर्माण विभाग बंजार के अधिशासी अभियंता अमन ठाकुर ने कहा कि 'जमद से 25 मीटर सड़क पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई है. अब यहां पर सड़क निकालने के लिए भूमि संबंधी औपचारिकताओं को पूरा किया जा रहा है. इसके बाद सड़क को बहाल कर दिया जाएगा.'
ये भी पढ़ें: अंधेरे में हो रही थी राफ्टिंग, बीच नदी में फंसे सैलानी, रात को किए रेस्क्यू

