ETV Bharat / state

फतेहपुर में शातिराना चोरी: कार सवार ने पेट्रोल पंप से उड़ाई नकदी, फर्जी नंबर प्लेट लगा रखी थी

पेट्रोल पंप शुरू हुए अभी दो दिन ही हुए थे कि चोरों ने इसे अपना निशाना बना लिया.

loot at petrol pump
पेट्रोल पंप पर खड़ी फर्जी नंबर प्लेट लगी कार (Etv Bharat)
author img

By ETV Bharat Rajasthan Team

Published : February 20, 2026 at 2:18 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

सीकर: जिले के फतेहपुर के निकटवर्ती देवास गांव के हाइवे पर स्थित इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन के पेट्रोल पंप पर आधी रात को चोरी की वारदात सामने आई है. फर्जी नंबर प्लेट लगी कार में आए बदमाश पेट्रोल भरवाने के बहाने पहुंचे और मौके से कैश से भरा बैग लेकर फरार हो गए. आरोपियों ने पेट्रोल के पैसे भी नहीं चुकाए, जिससे पंप संचालकों में दहशत का माहौल है. महाशिवरात्रि के दिन ही हाइवे पर इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन का नया पेट्रोल पंप शुरू किया था. पंप शुरू हुए अभी दो दिन ही हुए थे कि चोरों ने इसे अपना निशाना बना लिया.

यह घटना रात करीब 1.30 बजे की है. देवास गांव निवासी पंप संचालक गणपत सिंह ने बताया कि रात के समय एक कार पेट्रोल पंप पर आई. कार चालक ने पेट्रोल भरवाने की बात कही. इसी दौरान गणपत सिंह अपने साथ कैश से भरा बैग लेकर पेट्रोल भरवाने लगे और बैग को पास ही रख दिया. पेट्रोल भरते ही कार चालक अचानक गाड़ी से उतरा, पास में रखा रुपयों से भरा बैग उठाया और तेजी से भागते हुए कार की पिछली सीट पर बैठ गया. इसके बाद चालक ने कार को तेज रफ्तार में मौके से भगा लिया. आरोपी पेट्रोल के पैसे दिए बिना ही फरार हो गए. पूरी वारदात कुछ ही पलों में अंजाम दी गई.

पेट्रोल पंप में चोरी (ETV Bharat Sikar)

पढ़ें: मलेशिया से कॉल कर पेट्रोल पंप मालिक को धमकी देने वाला गैंगस्टर का गुर्गा गिरफ्तार

घटना के तुरंत बाद गणपत सिंह ने डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. जब पुलिस ने कार के नंबर की जांच की तो सामने आया कि कार पर लगी नंबर प्लेट फर्जी है. नंबर प्लेट किसी अन्य वाहन के नाम से दर्ज पाई गई, जिससे यह साफ हो गया कि आरोपी पूरी तैयारी के साथ वारदात को अंजाम देने आए थे.

पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली गई. फुटेज में दो संदिग्ध व्यक्ति नजर आ रहे हैं, जो वारदात के बाद कार में बैठकर जाते हुए दिखाई दे रहे हैं. हालांकि, पुलिस को आरोपियों का कोई ठोस सुराग नहीं मिल पाया था. पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आसपास के इलाकों में संदिग्धों की तलाश कर रही है और हाइवे पर लगे अन्य कैमरों की भी मदद ली जा रही है.

पंप प्रबंधन के अनुसार चोरी हुए बैग में करीब 50 से 60 हजार रुपए नकद थे. पंप संचालक का कहना है कि नए पंप की शुरुआत के साथ ही इस तरह की घटना का होना चिंता का विषय है. फतेहपुर सदर थाना के एसएचओ सुरेंद्र देगड़ा ने कहा कि मामला गंभीर है और फर्जी नंबर प्लेट का इस्तेमाल कर की गई इस चोरी को लेकर जांच तेज कर दी गई है. फिलहाल पुलिस की टीमें संदिग्ध कार और आरोपियों की पहचान में जुटी हुई हैं. वहीं, इस घटना के बाद फतेहपुर शेखावाटी क्षेत्र के अन्य पेट्रोल पंप संचालकों ने भी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता जताई है.