टिहरी: घनसाली-चमियाला मोटरमार्ग पर यूटिलिटी वाहन में लगी भीषण आग, राहगीर की सूचना से टला बड़ा हादसा
पुलिस के अनुसार उन्हें 112 पर वाहन में आग लगने की सूचना मिली थी, जिसके बाद फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची थी.

By ETV Bharat Uttarakhand Team
Published : August 29, 2026 at 5:55 PM IST
टिहरी: उत्तराखंड के टिहरी जिले से बड़ी खबर सामने आए है. शनिवार को घनसाली-चमियाला मोटरमार्ग पर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब वहां खड़े हुए यूटिलिटी वाहन में भीषण आग लग गई. आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरा वाहन आग की चपेट में आ गया. वहां से गुजर रहे कुछ लोगों ने तत्काल मामले की जानकारी पुलिस और फायर ब्रिगेड को दी. मामले की जानकारी मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया.
पुलिस को 112 से मिली थी सूचना: थानाध्यक्ष अजय कुमार जाटव ने बताया कि 112 के जरिए भरत अहिरवार नाम के व्यक्ति ने वाहन में आग लगने की सूचना दी थी. सूचना मिलते ही पुलिस और अग्निशमन विभाग को इसकी जानकारी दी गई, जिसके बाद अग्निशमन वाहन तत्काल मौके के लिए रवाना हुआ.
सिंदूल के पास सड़क किनारे खड़ा था वाहन: जानकारी के अनुसार यूटिलिटी वाहन में कुछ खराबी आ गई थी, जिसके बाद ड्राइवर ने अपने वाहन को सिंदूल के पास सड़क किनारे खड़ा किया था. वाहन खड़ा कर ड्राइवर मैकेनिक को बुलाने के लिए घनसाली बाजार चला गया. इसी दौरान वाहन में अचानक आग भड़क उठी. प्रारंभिक तौर पर आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी.
राहगीर की सूझबूझ से टला हादसा: आग ने कुछ ही समय में पूरे वाहन को अपनी चपेट में ले लिया था. वाहन से उठती लपटों को देखकर आसपास से गुजर रहे लोगों में भी अफरा-तफरी मच गईय. इसी दौरान एक राहगीर ने सूझबूझ दिखाते हुए तत्काल वाहन मालिक (चालक) और संबंधित विभाग को सूचना दीय. गनीमत रही कि आग लगने के समय वाहन के अंदर कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था. इससे एक बड़ा हादसा होने से टल गया.
अग्निशमन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग को आसपास फैलने से रोकते हुए उस पर काबू पाया. प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, आग की चपेट में आया यूटिलिटी वाहन चमियाला स्थित पंवार लघु उद्योग का बताया जा रहा है. आग लगने से वाहन को काफी नुकसान हुआ है. फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों और वाहन को हुए नुकसान का आकलन अग्निशमन विभाग की जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा. पुलिस द्वारा भी घटना की जानकारी जुटाई जा रही है.
पढ़ें---

