सवाईमाधोपुर: अंबेडकर योजना की सब्सिडी के एवज में रिश्वत लेते UDC गिरफ्तार
परिवादी की तीन लोन फाइलें थीं. आरोपी तीनों के लिए कुल मिलाकर 30 हजार रुपए की रिश्वत मांग रहा था.

Published : January 1, 2026 at 2:24 PM IST
सवाईमाधोपुर: एसीबी ने गुरुवार को नए साल की शुरुआत में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया. एसीबी ने जिला उद्योग केंद्र के यूडीसी सूर्य प्रकाश नामा को 25 हजार रुपए की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है. आरोपी ने अंबेडकर प्रोत्साहन योजना के तहत परिवादी के खाते में डाली जाने वाली सब्सिडी की राशि के एवज में रिश्वत की मांग की थी.
एसीबी के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ज्ञानचंद चौधरी ने बताया कि परिवादी ने एसीबी कार्यालय में उपस्थित होकर मामले की शिकायत की थी. इस पर एसीबी की टीम ने शिकायत का सत्यापन करवाया. शिकायत सही पाए जाने पर एसीबी ने आज परिवादी को 25,000 रुपए देकर भेजा. यह राशि यूडीसी को उसके कार्यालय में दी. इसी दौरान एसीबी ने आरोपी सूर्य प्रकाश नामा को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया. एसीबी की टीम ने अन्य सरकारी दस्तावेजों की भी छानबीन की है.
सब्सिडी की राशि के एवज में ली थी रिश्वत: एसीबी के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चौधरी ने बताया कि भीमराव अंबेडकर प्रोत्साहन दलित योजना के तहत फर्म के माध्यम से लोन प्राप्त करवाया जाता है. इस लोन में जो सब्सिडी और अनुदान मिलता है, उसे खाते में डालने की एवज में रिश्वत की मांग की गई थी. उन्होंने बताया कि परिवादी के परिवार की तीन फाइल थीं. आरोपी तीनों के लिए कुल मिलाकर 30 हजार रुपए की रिश्वत मांग रहा था. सत्यापन के दौरान हुई बातचीत में 25 हजार रुपए की राशि में सहमति बनी. इसके बाद यह कार्रवाई की गई.

