ETV Bharat / state

खेत में पलटे टैंकर से तेल लूटने वाहनों पर बर्तन लेकर पहुंचे ग्रामीण, 2 घंटे में 40 टन तेल पार

एनएच 123 पर अफरा तफरी का आलम देखा गया. पलटे टैंकर से तेल लूटने लोग घरों से बर्तन और वाहन लेकर पहुंचे.

People filling oil spilled in the field into vessels
खेत में फैला तेल बर्तनों में भरते लोग (ETV Bharat Dholpur)
author img

By ETV Bharat Rajasthan Team

Published : October 28, 2025 at 10:51 AM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

धौलपुर: नेशनल हाईवे 123 पर ठाकुरदास का नगला गांव के पास मंगलवार तड़के अजीब सी अफरा तफरी देखी गई. कोई दुपहिया तो कोई चौपहिया पर सरसों के तेल से भरे बर्तन अपने घर ले जाता नजर आया. कुछ तो गमछे और तौलियों के जरिए पानी पर तैर रहा तेल एकत्र करते दिखे. असल में ठाकुरदास का नगला के पास टैंकर पलट गया, जिसमें 40 टन सरसों का तेल भरा था. यह तेल सड़क किनारे खेत में फैल गया. ग्रामीणों में इस तेल को ले जाने की होड़ मची रही.

सैपऊ थाने के एएसआई अजय सिंह ने बताया कि टैंकर के चालक और खलासी सुरक्षित हैं. उनके कोई चोट नहीं आई. क्रेन से टैंकर को सीधा कराया. पुलिस जांच कर रही है. वहीं टैंकर चालक दूदू निवासी प्रधान पुत्र रामजीवन ने बताया कि मध्य प्रदेश के मुरैना से सरसों का तेल भरकर टैंकर अलवर ले जा रहा था. ठाकुरदास का नगला गांव के पास सामने से आ रही बस से साइड देते समय टैंकर कच्चे रास्ते पर उतर गया. रफ्तार अधिक होने के कारण टैंकर फिसलकर पानी से भरे खेत में जा पलटा. चालक ने बताया कि टैंकर में करीब 40 टन सरसों का तेल था. गाड़ी पलटने से तेल खेत में फैल लगा. तड़के 5 बजे ग्रामीणों को पता चला तो वे पीपे, बर्तन, ड्रम आदि लेकर मौके पर पहुंचे. 2 घंटे में ग्रामीण सरसों के तेल के बर्तन भरकर ले गए.

तेल की लूट (ETV Bharat Dholpur)

पढ़ें: Rajasthan: श्रीनाथजी का छप्पनभोग आदिवासी समुदाय के लोगों ने लूटा ! ये है अनोखी प्रथा

पानी में तैरता तेल भी नहीं छोड़ा: चालक प्रधान ने बताया कि टैंकर जिस खेत में पलटा था, उसमें पानी भी था. पानी पर तैर रहे तेल को भी ग्रामीणों ने गमछे एवं कपड़ों के माध्यम से निचोड़कर अपने बर्तनों में भर लिया. कई ग्रामीण तेल ले जाने के लिए बाइक और चौपहिया वाहन लाए तो कुछ सिर पर बर्तन रखकर लेकर गए.