राजधानी में बढ़ता अपराध: पार्क में छोटी सी बात पर चाकू घोंपे, एक युवक की मौत, दोस्त गंभीर रूप से घायल
पुलिस के मुताबिक प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों युवक आपस में दोस्त थे और रात के समय पार्क में मौजूद थे.

Published : January 6, 2026 at 7:39 AM IST
नई दिल्ली: उत्तर-पूर्वी दिल्ली के वेलकम इलाके में सोमवार रात पार्क के अंदर हुई चाकूबाजी की वारदात में एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना जनता मजदूर कॉलोनी के पीली मिट्टी क्षेत्र के पास स्थित एक पार्क की है. इस वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और एक बार फिर उत्तर-पूर्वी दिल्ली में कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं.
डीसीपी आशीष मिश्रा ने बताया की बीती रात वेलकम थाने को सूचना मिली कि पार्क के अंदर दो युवकों पर चाकू से हमला किया गया है. सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां दोनों युवक गंभीर हालत में पड़े मिले.उन्हें तुरंत जीटीबी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने अरमान, उम्र 18 वर्ष, निवासी जनता मजदूर कॉलोनी वेलकम को मृत घोषित कर दिया. वहीं उसका दोस्त अल्ताफ अली, उम्र 18 वर्ष, निवासी जनता मजदूर कॉलोनी वेलकम का इलाज अस्पताल में जारी है और उसकी भी हालत नाजुक बनी हुई है.
पुलिस के मुताबिक प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों युवक आपस में दोस्त थे और रात के समय पार्क में मौजूद थे. इसी दौरान किसी बात को वहा मौजूद लोगों से विवाद हुआ, जिसके बाद अज्ञात युवकों ने उन पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया और मौके से फरार हो गए. हमले में दोनों को गंभीर चोटें आईं.
ये भी पढ़ें:

