ETV Bharat / state

भाखड़ा पुल पर भीषण हादसा, तेज रफ्तार पिकअप ने स्कूटी को उड़ाया, 20 साल की युवती की मौत, सहेली घायल

20 साल की भावना रावत अपनी सहेली नेहा जोशी के साथ स्कूटी से जा रही थी, हल्द्वानी-कालाढूंगी रोड पर पिकअप ने टक्कर मार दी

HALDWANI KALADHUNGI ROAD ACCIDENT
हल्द्वानी कालाढूंगी रोड पर हादसा (Etv Bharat)
author img

By ETV Bharat Uttarakhand Team

Published : April 15, 2026 at 8:24 AM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

हल्द्वानी: नैनीताल जिले के हल्द्वानी-कालाढूंगी रोड पर भाखड़ा पुल के पास मंगलवार को तेज रफ्तार और लापरवाही ने एक और घर का चिराग बुझा दिया. वाहनों की आमने-सामने की भिड़ंत में 20 वर्षीय युवती की दर्दनाक मौत हो गई. उसकी साथी जिंदगी और मौत के बीच जूझ रही है. हादसे के बाद इलाके में मातम पसरा है और पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है.

भाखड़ा पुल पर हुआ सड़क हादसा: हल्द्वानी-कालाढूंगी रोड पर स्थित भाखड़ा पुल एक बार फिर सड़क हादसे का गवाह बना. यहां मंगलवार की शाम एक भीषण सड़क हादसे में 20 वर्षीय भावना रावत की मौके पर ही मौत हो गई. जानकारी के मुताबिक कालाढूंगी की ओर से आ रहे एक पिकअप वाहन और सामने से आ रही स्कूटी के बीच आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत हो गई.

20 साल की युवती की मौत: टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कूटी सवार दोनों युवतियां गंभीर रूप से घायल हो गईं. हादसे की सूचना मिलते ही डायल 112 पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल 108 एंबुलेंस के जरिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कालाढूंगी भेजा गया. अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने चकलुवा निवासी भावना रावत को मृत घोषित कर दिया, जिससे परिजनों में कोहराम मच गया.

हादसे में एक युवती गंभीर घायल: वहीं दूसरी युवती नेहा जोशी, जो लामाचौड़ की रहने वाली बताई जा रही है की हालत गंभीर बनी हुई है. प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए हल्द्वानी के सुशीला तिवारी अस्पताल रेफर कर दिया गया है, जहां उसका इलाज जारी है. बताया जा रहा है कि हादसे के समय दोनों युवतियां स्कूटी से कहीं जा रही थीं, तभी यह हादसा हुआ.

लोगों ने सड़क सुरक्षा पर उठाए सवाल: दुर्घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है. स्थानीय लोग सड़क सुरक्षा को लेकर सवाल उठा रहे हैं. पुलिस ने पिकअप वाहन को कब्जे में ले लिया है. साथ ही हादसे के कारणों की जांच की जा रही है. प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे की वजह माना जा रहा है.

कोतवाल अरुण सैनी ने बताया कि-

हादसे की घटना मंगलवार शाम की है. एक पिकअप और स्कूटी की टक्कर में एक युवती की मौत हो गई. युवती की दोस्त घायल हुई है. घायल का इलाज एटीएच में चल रहा है.
-अरुण सैनी, कोतवाल-

ये भी पढ़ें: हल्द्वानी में दर्दनाक हादसा, उफनती नहर में गिरी कार, बच्चे समेत 4 लोगों की मौत, 3 घायल