ETV Bharat / state

तेज रफ्तार का कहर: अलवर में कार ने मारी दो भाइयों को टक्कर...एक ने मौके पर तोड़ा दम, सिरोही में ट्रक की टक्कर से कार सवार की मौत

सड़कों पर तेज रफ्तार और लापरवाही बढ़ रही है. अलवर, सिरोही और धौलपुर में सड़क हादसे में तीन युवकों की जान चली गई.

Relatives of the deceased outside the mortuary
मोर्चरी के बाहर मृतक के परिजन (ETV Bharat Alwar)
author img

By ETV Bharat Rajasthan Team

Published : February 22, 2026 at 12:29 PM IST

4 Min Read
Choose ETV Bharat

अलवर/ सिरोही/धौलपुर :अलवर शहर के अरावली विहार थाना क्षेत्र में रविवार सुबह तेज रफ्तार कार ने युवक की जान ले ली. वहीं एक युवक गंभीर रूप से घायल है. घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया. मृतक का शव जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया. घटना का सीसीटीवी वीडियो सामने आया है, जिसमें एक कार तेज रफ्तार से आती दिखी, जिसने युवक को टक्कर मारी. कार की टक्कर के बाद युवक पेड़ से टकराकर सड़क पर गिर गया. घटना के बाद कार सवार मौके से फरार हो गया. उधर, सिरोही जिले के आबूरोड सदर थाना क्षेत्र में रविवार अलसुबह भीषण सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई. इस बीच, धौलपुर में बाइक सवार युवक की सड़क हादसे में मौत हो गई.

अरावली विहार थाना अधिकारी रामेश्वर लाल ने बताया कि जगन्नाथ मंदिर के पास दो भाई सचिन व आशीष को एक कार ने टक्कर मार दी. हादसे में जिले के परवेणी गांव निवासी सचिन (20) की मौके पर ही मौत हो गई. आशीष गंभीर घायल हो गया. दोनों भाइयों को जिला अस्पताल ले जाया गया है, जहां मृतक सचिन के शव को अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया. परिजनों की शिकायत के आधार पर अनुसंधान की जाएगी. घटनास्थल की सीसीटीवी कैमरा चेक कर रहे हैं ताकि कार चालक का पता लगाया जा सके.

मृतक के ताऊ बोले... (ETV Bharat Alwar)

पढ़ें: बेटे को बचाने की कीमत अपनी जान से चुकाई, सरिस्का के फॉरेस्टर की सड़क हादसे में मौत

प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करते : मृतक सचिन के ताऊ कालूराम मीना ने बताया कि सचिन व आशीष अलवर शहर के रूपवास में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करते थे. खर्च चलाने के लिए कैटरिंग का कार्य भी करते थे. शनिवार को किसी शादी में कैटरिंग का काम करने गए थे. रविवार सुबह काम से लौटते समय तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी. सचिन की मौके पर ही मौत हो गई. आशीष के हाथ में फ्रैक्चर है. गंभीर हालत होने पर चिकित्सकों ने उसे जयपुर रेफर कर दिया. कालूराम ने बताया कि मृतक सचिन के पिता मजदूरी करते हैं.

घटना का वीडियो आया सामने: घटनास्थल पर लगे एक कैमरे में हादसे की वीडियो कैद हो गई. इसमें दिखाई दिया कि युवक पैदल घर की ओर जा रहे थे. पीछे से तेज रफ्तार कार ने युवकों को टक्कर मार दी. टक्कर के बाद युवक पास के पेड़ से टकराकर सड़क पर गिर गया. उसके शरीर से खून बहने लगा, जबकि दूसरा युवक टक्कर से घायल हो गया.

पढ़ें: बेकाबू बोलेरो ने बाइक को मारी टक्कर, चार युवकों की मौत

कार–ट्रक भिड़ंत में युवक की मौत, एक घायल: उधर, सिरोही के आबूरोड सदर थाना क्षेत्र में नेशनल हाइवे पर किवरली के पास कार और ट्रक के बीच आमने-सामने की टक्कर में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया. सूचना मिलते ही आबूरोड सदर पुलिस पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई.

आबूरोड सदर थाना अधिकारी प्रदीप कुमार डांगा ने बताया कि हादसा रविवार तड़के हुआ. कार सवार हितेश पुत्र पूरणमल प्रजापत निवासी कोटड़ा छावनी, उदयपुर की मौके पर ही मौत हो गई. वहीं विक्रम प्रजापत निवासी देलदर घायल हो गया. उसे राजकीय अस्पताल आबूरोड भेजा, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उच्च केंद्र रेफर कर दिया. प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि तेज रफ्तार और असावधानी हादसे का कारण हो सकती है. हादसे के बाद कुछ समय हाइवे पर यातायात प्रभावित रहा. हितेश के शव को राजकीय अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है.

पढ़ें:बारात से लौटते वक्त दर्दनाक हादसा: नहर में एसयूवी गिरने से 3 की मौत, विधानसभा में उठा मुद्दा

धौलपुर में बाइक सवार की मौत: इस बीच, धौलपुर जिले में राजाखेड़ा के दिहोली थाना क्षेत्र में रविवार तड़के सड़क दुर्घटना में एक युवक की मौत हो गई. मृतक की पहचान चौबसिंह (35) थाना निवोहरा जिला आगरा के रूप में हुई. मृतक के भाई सत्यप्रकाश के अनुसार, चौबसिंह ग्वालियर में किचन कंपनी में हलवाई था. वह शनिवार को बाइक से माता के भंडारे में शामिल होने गांव आया था. रात करीब 2 बजे बाइक से ग्वालियर रवाना हुआ. तड़के मछरिया चौराहे से पहाड़ी गांव के बीच किसी अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी. इससे चौबसिंह गंभीर रूप से घायल हो गया. उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजाखेड़ा पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. पुलिस मामले की जांच कर रही है.