अलवर: दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर स्लीपर बस पलटी, 40 यात्री घायल, ड्राइवर को झपकी आने से हादसा
अलवर के रेणी थाना क्षेत्र में एक्सप्रेसवे पर तेज रफ्तार स्लीपर बस पलट गई. घायलों का इलाज अस्पताल में जारी है.

Published : May 23, 2026 at 9:25 AM IST
अलवर: जिले की रेणी थाना क्षेत्र अंतर्गत दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस वे पर शनिवार को एक बड़ा हादसा हो गया. घटना एक्सप्रेस वे के चैनल संख्या 139.4 के पास हुई, जहां तेज रफ्तार से चल रही एक स्लीपर बस अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई. इस हादसे में बस में बैठे 40 यात्री घायल हो गए. घटना की सूचना पर एनएचएआई की एंबुलेंस व रेणी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मौके से घायल लोगों को उपचार के लिए पिनान चिकित्सालय भिजवाया. फिलहाल पुलिस घटना की जानकारी जुटाने में लगी है.
अनियंत्रित होकर पलटी बस: रेणी थाना अधिकारी बने सिंह मीणा ने बताया कि शनिवार सुबह सूचना मिली कि थाना क्षेत्र अंतर्गत दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस वे की चैनल संख्या 139.4 पर एक वाहन पलट गया. इस सूचना पर पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटना के संबंध में जानकारी जुटाई. उन्होंने बताया कि दिल्ली मुंबई एक्सप्रेस वे पर मध्य प्रदेश के श्योपुर से गोवर्धन जाते समय स्लीपर बस अनियंत्रित होकर पलट गई.

इसे भी पढ़ें- बड़ा हादसा : नागौर में रोडवेज बस और कार की टक्कर, 4 की मौत
घायलों का इलाज जारी: थाना अधिकारी ने बताया कि इस बस में 40 यात्री सवार थे, जो कि हादसे में घायल हो गए. उन्होंने बताया कि घटना के संबंध में सूचना मिलते ही एनएचएआई की एंबुलेंस मौके पर पहुंची, जिसकी सहायता से सभी घायलों को इलाज के लिए पिनान चिकित्सालय भिजवाया गया. उन्होंने बताया कि इस हादसे में 6 लोग गंभीर घायल हुए हैं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद पिनान चिकित्सालय से अलवर जिला अस्पताल के लिए रेफर किया गया है. घटना के संबंध में जांच की जा रही है,
झपकी आने से हादसा: बने सिंह मीणा ने बताया कि क्रेन की सहायता से एक्सप्रेसवे पर पलटी स्लीपर बस को खड़ा कर एक साइड करवाया गया है. घायल यात्री ललिता गोयल ने बताया कि वह सवाई माधोपुर से स्लीपर बस में सफर करने के लिए बैठी थी. अलवर में शनिवार सुबह बस अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई, जिसमें बैठे सभी यात्री घायल हो गए. उन्होंने बताया कि संभवतः बस के ड्राइवर को नींद की झपकी आ गई, जिसके चलते यह हादसा हुआ. घायल यात्री ललिता ने बताया कि इस घटना के बाद मौके पर चीख पुकार मच गई. उन्होंने बताया कि बस यात्रियों से पूरी भरी हुई थी, जो गोवर्धन धार्मिक यात्रा के लिए जा रही थी.
इसे भी पढ़ें- दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर बड़ा हादसा: कार में आग लगने से 6 लोग जिंदा जले, वैष्णो देवी से लौट रहे थे सभी

