आफत की बारिश! गौरीकुंड प्रीपेड काउंटर के पास मलबे की चपेट में आई दुकान, केदारनाथ हाईवे पर भी लैंडस्लाइड
उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले से लगातार हो रही बारिश के बीच पहाड़ों से मलबा और पत्थर गिरने की खबर सामने आ रही हैं.

By ETV Bharat Uttarakhand Team
Published : July 2, 2026 at 1:28 PM IST
रुद्रप्रयाग: उत्तराखंड में मानसून की दस्तक के साथ ही बारिश ने अपना रौंद्र रूप भी दिखाना शुरू कर दिया हैं. बुधवार दोपहर से ही प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में जोरदार बारिश हो रही हैं. रुद्रप्रयाग में लगातार हो रही बारिश के बीच गौरीकुंड में प्रीपेड काउंटर के पास अचानक पहाड़ी से मलबा आने के कारण एक दुकान उसकी चपेट में आ गई. गनीमत रही कि घटना के समय वहां मौजूद लोगों ने समय रहते सुरक्षित स्थानों की ओर भागकर अपनी जान बचा ली, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया.
घटना के बाद क्षेत्र में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया था. सूचना मिलते ही संबंधित विभागों और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं और स्थिति का जायजा लिया. लगातार हो रही बारिश के चलते क्षेत्र में भूस्खलन का खतरा बना हुआ है, जिसके मद्देनजर प्रशासन ने स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं से सतर्क रहने व अनावश्यक रूप से संवेदनशील क्षेत्रों में आवाजाही से बचने की अपील की है.
सोनप्रयाग-मुनकटिया यात्रा मार्ग पर पहाड़ी से गिरे पत्थर: लगातार हो रही बारिश के बीच गुरुवार सुबह केदारनाथ यात्रा मार्ग पर मुनकटिया क्षेत्र में पहाड़ी से अचानक पत्थर गिरने के कारण सोनप्रयाग-मुनकटिया मार्ग अवरुद्ध हो गया. सुबह 9:44 बजे सेक्टर अधिकारी सोनप्रयाग ने घटना की सूचना देते हुए बताया कि यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए प्रशासन ने एहतियातन मार्ग पर पैदल और अन्य आवाजाही को तत्काल प्रभाव से अस्थायी रूप से रोक दिया है.
मार्ग को शीघ्र सुचारु करने के लिए संबंधित विभाग की टीमें जेसीबी मशीनों के साथ मौके पर युद्धस्तर पर मलबा और बड़े पत्थरों को हटाने में जुटी हैं. लगातार गिर रहे पत्थरों के कारण कार्य पूरी सावधानी के साथ किया जा रहा है. मार्ग पूरी तरह सुरक्षित घोषित किए जाने के बाद ही यात्रा दोबारा शुरू कराई जाएगी. तब तक श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि वे धैर्य बनाए रखें, प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें और मार्ग खुलने की आधिकारिक सूचना मिलने के बाद ही आगे बढ़ें.
-नंदन सिंह रजवार, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी-
लगातार बारिश के बीच श्रद्धालुओं की सुरक्षा में डटे SDRF के जवान: जनपद में लगातार हो रही बारिश के बीच श्री केदारनाथ यात्रा मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था संभाल रहे राज्य आपदा प्रतिवादन बल (SDRF) के जवान पूरी मुस्तैदी के साथ अपने दायित्व का निर्वहन कर रहे हैं.
सोनप्रयाग-गौरीकुंड पैदल मार्ग पर मुनकटिया के पास भूस्खलन होने से यात्रा मार्ग अस्थायी रूप से प्रभावित हो गया, लेकिन विषम परिस्थितियों में भी SDRF की टीम मौके पर डटी रही. भूस्खलन प्रभावित क्षेत्र में SDRF के जवान श्रद्धालुओं को अत्यधिक सावधानी के साथ सुरक्षित स्थानों से मार्ग पार करा रहे हैं.
साथ ही स्थानीय प्रशासन और अन्य संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर यात्रा को सुरक्षित एवं सुचारु बनाए रखने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं. SDRF की टीमें पूरे यात्रा मार्ग पर लगातार निगरानी बनाए हुए हैं और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह सतर्क हैं. जवान श्रद्धालुओं को आवश्यक सहायता, मार्गदर्शन और सुरक्षा प्रदान करते हुए यह सुनिश्चित कर रहे हैं कि प्रतिकूल मौसम के बावजूद यात्रा यथासंभव सुरक्षित ढंग से संचालित होती रहे.
केदारनाथ हाईवे के बांसवाड़ा क्षेत्र में लगातार गिर रहे पत्थर: लगातार हो रही बारिश के कारण केदारनाथ हाईवे पर बांसवाड़ा क्षेत्र में पहाड़ी से लगातार पत्थर गिर रहे हैं, जिससे मार्ग पर यात्रा करना जोखिमपूर्ण हो गया है. प्रशासन ने यात्रियों और वाहन चालकों से अपील की है कि इस क्षेत्र से गुजरते समय विशेष सतर्कता बरतें, अनावश्यक रूप से कहीं भी वाहन न रोकें तथा प्रशासन और पुलिस द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें. मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों को देखते हुए यात्रा केवल पूरी सावधानी के साथ करें और संवेदनशील क्षेत्रों में अत्यधिक सतर्क रहें.
पढ़ें---

