ETV Bharat / state

दिल्ली: दिनदहाड़े लाखों की लूट, विरोध करने पर बदमाशों ने मनी एक्सचेंज कारोबारी को मारी गोली

पुलिस ने लूट और फायरिंग के मामले में विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

दिल्ली में दिनदहाड़े लाखों की लूट
दिल्ली में दिनदहाड़े लाखों की लूट (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Delhi Team

Published : February 9, 2026 at 8:53 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

नई दिल्ली: उत्तर-पूर्वी दिल्ली में अपराधियों के हौसले एक बार फिर कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रहे हैं. शास्त्री पार्क फ्लाईओवर पर सोमवार दोपहर मनी एक्सचेंज का काम करने वाले दो युवकों से बदमाशों ने लाखों रुपये लूट लिए. लूट का विरोध करने पर बदमाशों ने फायरिंग कर एक युवक को गोली मारकर घायल कर दिया, जबकि दूसरा युवक भी इस वारदात में जख्मी हो गया. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई.

घायल युवकों की पहचान शहीद और अखिल के रूप में हुई है, जो न्यू उस्मानपुर इलाके के रहने वाले हैं और मनी एक्सचेंज का काम करते हैं. सोमवार करीब 3:30 बजे दोनों स्कूटी से आईएसबीटी की ओर जा रहे थे. बताया जा रहा है कि उनके पास एक बैग में करीब लाखों रुपये नकद थे. जैसे ही वे शास्त्री पार्क फ्लाईओवर पर पहुंचे, पहले से घात लगाए बाइक सवार बदमाशों ने उन्हें घेर लिया.

शास्त्री पार्क फ्लाईओवर पर दिनदहाड़े लाखों की लूट (ETV Bharat)

शास्त्री पार्क फ्लाईओवर पर दिनदहाड़े लाखों की लूट: बदमाशों ने बैग छीनने की कोशिश की. जब शहीद और अखिल ने इसका विरोध किया तो बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी. गोली लगने से शहीद गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि अखिल को भी चोटें आईं. फायरिंग के बाद बदमाश रुपये से भरा बैग लेकर मौके से फरार हो गए. दिनदहाड़े हुई इस वारदात से राहगीरों में दहशत फैल गई.

पुलिस द्वारा जांच जारी: डीसीपी आशिष मिश्रा ने कहा कि घटना की सूचना मिलते ही शास्त्री पार्क थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची. वारदात की गंभीरता को देखते हुए आला अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे. क्राइम टीम और फोरेंसिक टीम को बुलाकर मौके का बारीकी से निरीक्षण कराया गया और साक्ष्य जुटाए गए. फ्लाईओवर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि बदमाशों की पहचान की जा सके.

पुलिस ने इस मामले में लूट और फायरिंग की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. दोनों घायलों को तुरंत जग प्रवेश अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है. पुलिस का कहना है कि बदमाशों की तलाश के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.

ये भी पढ़ें: