JEE Main 2026: अब तक रिकॉर्ड 16 लाख आवेदन हुए, कैटेगरी करेक्शन का मौका, जानिए पूरी डिटेल्स
JEE Main 2026 के लिए रिकॉर्ड 16 लाख से अधिक आवेदन हो चुके हैं. अप्रैल परीक्षा के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 25 फरवरी है.

Published : February 21, 2026 at 7:18 PM IST
कोटा: देश की सबसे बड़ी इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षा जेईई-मेन में अब तक 16 लाख से अधिक विद्यार्थी आवेदन कर चुके हैं, जो इतिहास में सबसे अधिक है. जनवरी सेशन में 14 लाख 10 हजार कैंडिडेट्स ने आवेदन किया था, जबकि अप्रैल सेशन के लिए अब तक 1 लाख 70 हजार से अधिक नए यूनीक कैंडिडेट्स आवेदन कर चुके हैं. अप्रैल परीक्षा में भाग लेने वाले छात्रों की संख्या लगभग 12 लाख से अधिक होने की उम्मीद है. आवेदन प्रक्रिया की अंतिम तिथि 25 फरवरी है.
27-28 फरवरी को करेक्शन विंडो: निजी कोचिंग इंस्टीट्यूट के करियर काउंसलिंग एक्सपर्ट अमित आहूजा ने बताया कि छात्रों की मांग पर नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) ने छात्र हित में अंतिम करेक्शन का विकल्प देने की घोषणा की है. जारी पब्लिक नोटिस के अनुसार, छात्र करेक्शन के दौरान कोर्स, क्वेश्चन पेपर का माध्यम, स्टेट कोड ऑफ इलेजिब्लिटी, परीक्षा शहर, दसवीं और 12वीं की क्वालीफिकेशन डिटेल्स, जेंडर तथा कैटेगरी में बदलाव कर सकते हैं. यह करेक्शन अवसर 27 और 28 फरवरी को उपलब्ध होगा.
इसे भी पढ़ें- JEE MAIN 2026: पहले सेशन में ही बना रिकॉर्ड, 13 लाख कैंडिडेट्स ने दी परीक्षा
छात्र कर सकते हैं करेक्शन: अमित आहूजा ने आगे कहा कि करेक्शन में कैंडिडेट दसवीं व 12वीं की अकेडमिक डिटेल्स, स्टेट ऑफ इलेजिब्लिटी, जेंडर, परीक्षा का माध्यम, परीक्षा का कोर्स, कैटेगरी और एग्जाम शहर में परिवर्तन कर सकता है. हालांकि, करेक्शन के दौरान छात्र एग्जाम के स्टेट को नहीं बदल सकता. उसे स्थाई और वर्तमान निवास के पते के अनुरूप ही चुनना होगा.
ये करेक्शन कर सकते हैं छात्र: एनटीए के इस करेक्शन विकल्प से देश के लाखों छात्रों को बड़ी राहत मिलेगी, जिन्होंने जनवरी जेईई-मेन के दौरान कैटेगरी दस्तावेज उपलब्ध न होने के कारण ओपन कैटेगरी से आवेदन किया था और अब दस्तावेज उपलब्ध होने पर कैटेगरी बदलना चाहते हैं. साथ ही, बड़ी संख्या में ऐसे छात्र भी हैं, जिन्होंने पूर्व में कैटेगरी से आवेदन किया, लेकिन अब ओबीसी या ईडब्ल्यूएस का सर्टिफिकेट 1 अप्रैल 2026 के बाद का न होने पर ओपन कैटेगरी चुनना चाहते हैं. इस तरह, इन लाखों कैंडिडेट्स को अंतिम कैटेगरी बदलने का मौका मिलेगा.
अमित आहूजा ने कहा कि कैंडिडेट ध्यान रखें कि आवेदन के दौरान भरी गई कैटेगरी के आधार पर ही जेईई-एडवांस्ड परीक्षा की योग्यता और आईआईटी, एनआईटी में आगे की काउंसलिंग प्रक्रिया पूरी होगी, इसलिए छात्रों को कैटेगरी बदलने से पहले अच्छी तरह सोच-विचार करना चाहिए.
इसे भी पढ़ें- JEE MAIN 2026: आज से शुरू होंगे अप्रैल सेशन के आवेदन, जनवरी की आंसर की 4 या 5 फरवरी को

