एचईसी सीएमडी के साथ यूनियनों की बैठक में उठे कर्मचारियों के मुद्दे: रिवाइवल पैकेज, बकाया वेतन, समेत कई मुद्दों पर चर्चा
रांची में संसदीय समिति की टीम ने एचईसी के तीन प्लांट्स का निरीक्षण किया है. चंदन भट्टाचार्य की रिपोर्ट.

Published : August 20, 2026 at 8:12 PM IST
रांचीः लंबे समय से आर्थिक संकट और पुनरुद्धार की प्रतीक्षा कर रहे एचईसी के कर्मचारियों के लिए गुरुवार का दिन उम्मीद लेकर आया. एचईसी में तिरुचि शिवा की अध्यक्षता में छह सदस्यीय संसदीय समिति पहुंची.
संसदीय समिति के सदस्यों ने एचईसी के तीनों प्लांट का भ्रमण कर वहां लगी मशीनों, उनकी गुणवत्ता और कार्यक्षमता का करीब से जायजा लिया. समिति के दौरे को एचईसी मजदूर संघ ने कंपनी के पुनरुद्धार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है.
एचईसी मजदूर संघ के महामंत्री रमाशंकर प्रसाद ने कहा कि वर्षों के प्रयास के बाद संसदीय समिति का एचईसी आना गर्व की बात है. समिति के सदस्यों ने तीनों प्लांटों का निरीक्षण किया और मशीनों की स्थिति एवं कार्यक्षमता को करीब से देखा. उन्होंने कर्मचारियों और उनके परिवारों से मनोबल बनाए रखने की अपील की. समिति ने भरोसा दिलाया कि एचईसी के पुनरुद्धार के लिए केंद्र सरकार से पैकेज जल्द दिलाने का प्रयास किया जा रहा है.
समिति के साथ हुई बैठक में एचईसी के पुनरुद्धार से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से रखा गया. इसमें विशेष रिवाइवल पैकेज, बैंक गारंटी अथवा सरकारी गारंटी, मशीनरी का आधुनिकीकरण, कर्मचारियों के बकाया वेतन का भुगतान, प्रमोशन और डीए मर्जर की मांग शामिल रही. यूनियनों ने कहा कि एचईसी को दोबारा उत्पादन की मजबूत स्थिति में लाने के लिए केंद्र सरकार से ठोस वित्तीय सहायता की जरूरत है.
सीएमडी के साथ यूनियनों की बैठक
संसदीय समिति के दौरे के साथ एचईसी के सीएमडी केएस मूर्ति के साथ विभिन्न यूनियनों के प्रतिनिधियों की बैठक भी हुई. इसमें कर्मचारियों से जुड़ी समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई. एचईसी मजदूर संघ ने विद्यालयों में कक्षा 11वीं और 12वीं के विद्यार्थियों की फीस कम नहीं किए जाने का मुद्दा उठाया. इस पर सीएमडी ने विद्यालय प्रबंधन से बात कर इसे अविलंब लागू कराने का निर्देश दिया.
इस बैठक में एचईसी अस्पताल का मुद्दा भी उठाया गया. यूनियन ने बताया कि अस्पताल के पीपीपी मोड में पारस को दिए जाने के बाद कर्मियों के लिए ओपीडी की कई सुविधाएं बंद हो गई हैं. इससे कर्मचारियों और उनके परिवारों को इलाज कराने में परेशानी हो रही है. सीएमडी ने संबंधित निदेशकों को पारस प्रबंधन के साथ बैठक कर समस्या का अविलंब समाधान करने का निर्देश दिया.
एचईसी मजदूर संघ के मीडिया प्रभारी सुनील कुमार ने कहा कि संसदीय समिति का दौरा एचईसी के लिए सकारात्मक संकेत है. कर्मचारियों को उम्मीद है कि समिति की पहल से केंद्र सरकार के स्तर पर पुनरुद्धार पैकेज को लेकर ठोस निर्णय होगा और एचईसी को फिर से मजबूत स्थिति में लाने की प्रक्रिया तेज होगी. इस बैठक में संघ के महामंत्री रमाशंकर प्रसाद, सचिव विकास तिवारी समेत विभिन्न यूनियनों के प्रतिनिधि शामिल हुए.
इसे भी पढ़ें- एचईसी के तीनों प्लांट का केंद्रीय टीम ने किया निरीक्षण, सरकार के साथ बैठक में रिवाइवल की रणनीति पर होगी चर्चा
इसे भी पढ़ें- एचईसी के पुनरुद्धार की दिशा में पहलः 19 अगस्त से रांची दौरे पर संसदीय समिति की टीम
इसे भी पढ़ें- वेतन बकाया पर आंदोलन शुरू, HEC कर्मियों ने रोका काम, एचएमबीपी में उत्पादन ठप

