ETV Bharat / state

हिंडोली के जंगल में शिकारियों के फंदे में फंसा पैंथर, जानिए कैसे बचाया...

प्राथमिक उपचार के बाद पैंथर को रामगढ़ सेंचुरी के जंगल में सुरक्षित छोड़ दिया.

Panther in the trap
फंदे में पैंथर (Photo courtesy: Forest Department Hindoli)
author img

By ETV Bharat Rajasthan Team

Published : December 15, 2025 at 3:10 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

बूंदी: रामगढ़ सेंचुरी से सटे हिंडोली वन क्षेत्र में शिकारी बेखौफ हैं. वन क्षेत्र में रविवार रात एक पैंथर शिकारियों के लगाए फंदे में फंस गया. गनीमत रही कि फंदा पैंथर की गर्दन में नहीं फंसा अन्यथा जान के लाले पड़ जाते. सूचना मिलते ही हिंडोली वन विभाग में हड़कंप मच गया. वन विभाग के कर्मचारी तुरंत मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद घायल पैंथर को आजाद कराया. प्राथमिक उपचार के बाद पैंथर को रामगढ़ सेंचुरी के जंगल में सुरक्षित छोड़ दिया. विभाग की टीम ने जंगल में तलाशी अभियान चला रखा है.

एसीएफ सुनील धाभाई ने बताया कि हिंडोली वन क्षेत्र में पैंथर के फंदे में फंसे होने की सूचना मिलते ही टीम तुरंत रवाना की. पैंथर करीब दो वर्ष का नर है, जिसे रेस्क्यू कर जंगल में सुरक्षित छोड़ दिया. एसीएफ ने माना कि इस तरह की घटनाएं बेहद गंभीर हैं. यह वन्यजीव संरक्षण के लिए बड़ा खतरा है. घटना के बाद पूरे इलाके में विशेष सर्चिंग शुरू कर दी गई. विभाग की टीमें जंगल का कोना-कोना सर्च कर रही हैं ताकि पता लगाया जा सके कि कहीं और फंदे तो नहीं लगाए गए हैं. शिकारियों की पहचान की जा रही है. विभाग ने संकेत दिए कि भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों, इसलिए गश्त बढ़ाई जाएगी.

पढ़ें:जयपुर की गलियों में फिर दिखा पैंथर, वन विभाग ने किया ट्रेंकुलाइज

वन्यजीव प्रेमियों ने जताई चिंता: इधर, वन्यजीव प्रेमियों और पर्यावरण कार्यकर्ताओं ने घटना पर गहरी चिंता जताई. उनका कहना था, अधिकारियों की अनदेखी और लचर निगरानी के चलते शिकारी जंगलों में मौत का जाल बिछा रहे हैं. कुछ माह पहले नैनवा के जजावर बड़ौली इलाके में इसी तरह पैंथर फंदे में फंसा था. इसके बावजूद हालात में सुधार नहीं हुआ. ग्रामीणों का कहना है कि हिंडोली और आसपास जंगलों में हिरण, खरगोश और अन्य वन्यजीवों की मौजूदगी के कारण शिकारी लगातार सक्रिय हैं. रात में जंगल में फंदे लगा बेखौफ शिकार कर रहे हैं.