जैसलमेर में नवदंपती की अनोखी पहल: परिंदों को दी रस्मो-रिवाज पर प्राथमिकता, जानिए ऐसा क्या किया...
लाठी क्षेत्र के नवविवाहित ने दांपत्य जीवन की शुरुआत प्रेरणादायक पहल से की. प्रकृति और पक्षियों के लिए की गई पहल की हर ओर सराहना.

Published : April 28, 2026 at 9:16 PM IST
जैसलमेर: जिले के लाठी क्षेत्र में नवविवाहित दंपती ने अपने दांपत्य जीवन की शुरुआत प्रेरणादायी पहल से की. आमतौर पर शादी के बाद सामाजिक परंपराओं और रस्मों को प्राथमिकता दी जाती है, लेकिन केरालिया निवासी रमेशनाथ गोस्वामी और छायण निवासी मगी भारती ने विवाह सूत्र में बंधने के बाद प्रकृति और पक्षियों के संरक्षण को सर्वोपरि रखा.
रमेशनाथ गोस्वामी ने बताया कि उन्हें प्रकृति और पक्षियों से विशेष लगाव है. उनका मानना है कि बढ़ते तापमान और घटते जलस्रोतों के कारण पक्षियों का जीवन कठिन होता जा रहा है. ऐसे में हर व्यक्ति को उनकी मदद के लिए आगे आना चाहिए. इसी सोच के साथ उन्होंने अपने जीवन के इस महत्वपूर्ण दिन को पर्यावरण के नाम समर्पित करने का निर्णय लिया. शादी के बाद बारात वापसी के अगले ही दिन दोनों ने घर पहुंचते ही पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया. उन्होंने सबसे पहले पौधरोपण कर हरियाली बढ़ाने का संदेश दिया. उसके बाद पक्षियों के लिए परिंडे बांधकर भीषण गर्मी में उन्हें पानी उपलब्ध कराने की पहल की. इन कार्यों को पूरा करने के बाद ही उन्होंने वैवाहिक जीवन की औपचारिक शुरुआत की. नवदंपती की इस अनूठी पहल की जानकारी जैसे ही ग्रामीणों तक पहुंची, सभी ने उनकी सराहना की.
वन्यजीव प्रेमी रणवीर सिंह भाटी, विक्रम दर्जी और गोरखनाथ ने कहा कि सरकार भी पर्यावरण संरक्षण और पक्षियों को गर्मी से बचाने के लिए पौधरोपण एवं परिंडे लगाने जैसे अभियान चला रही है. ऐसे में इस नवदंपती का कदम समाज के लिए प्रेरणादायक उदाहरण है, जो दूसरों को भी सकारात्मक संदेश देता है.
पढ़ें:परिंडे लगाना और दाने की व्यवस्था काफी नहीं, गौरैया बचाने के लिए जारूकता और पनाह देना भी जरूरी

