ETV Bharat / state

कोटा में गिट्टी से भरे डंपर में लगी आग, जलकर हुआ खाक

चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए डंपर को बड़गांव चौकी के नजदीक रोक दिया और इसके बाद नीचे उतर गया.

dumper caught fire in Kota
आग के दौरान डंपर से उठता धुआं (ETV Bharat Kota)
author img

By ETV Bharat Rajasthan Team

Published : February 27, 2026 at 4:42 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

कोटा: बूंदी से कोटा आ रहे मार्ग पर बड़गांव के नजदीक शुक्रवार को एक डंपर में आग लगने का मामला सामने आया है. डंपर जलकर पूरी तरह से खाक हो गया है. गिट्टी से भरा यह डंपर बूंदी से कोटा की तरफ जा रहा था.

आग लगने की सूचना दोपहर 12:15 बजे अग्निशमन विभाग को मिली थी, जिसके बाद दो दमकल गाड़ियों को मौके पर भेजा गया. काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका. इस दौरान मौके पर पहुंची पुलिस ने यातायात को रोक दिया था, जिसे बाद में एकतरफा चालू कर दिया गया. करीब आधे घंटे तक रास्ता बंद रहा.

कोटा में गिट्टी से भरे डंपर में लगी आग (ETV Bharat Kota)

पढ़ें: नीमराणा: चलते डंपर में लगी भीषण आग, इलाके में मचा हड़कंप- देखें VIDEO

नांता थाने में प्रशिक्षु आईपीएस महेश ने बताया कि दोपहर 12:15 बजे आग लगने की सूचना मिली थी. यह डंपर बूंदी की तरफ से गिट्टी लेकर कोटा आ रहा था, जिसमें अकेला चालक मौजूद था. चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए डंपर को बड़गांव चौकी के नजदीक रोक दिया और इसके बाद नीचे उतर गया. देखते ही देखते आग फैल गई और पूरे डंपर को अपनी जद में ले लिया.

ड्राइवर का कहना था कि पीछे के टायर के पास से आग शुरू हुई थी. वहीं, मुख्य अग्निशमन अधिकारी राकेश व्यास का कहना था कि दो दमकल गाड़ियों को मौके पर भेजा गया. करीब 45 मिनट में आग पर काबू पा लिया गया. इस मामले में शॉर्ट सर्किट (स्पार्किंग) के जरिए ही आग लगने की घटना हुई है. मौके पर पहुंचे पुलिस कर्मी राम खिलाड़ी मीणा ने बताया कि कुछ देर के लिए रास्ते को बंद करवाया गया था. उसके बाद एकतरफा यातायात शुरू कर दिया गया. डंपर पूरी तरह से जलकर खाक हो गया है. इस घटना के संबंध में ड्राइवर से पूछताछ भी की जा रही है.