ETV Bharat / state

हल्द्वानी: लामाचौड़ में चलती कार में लगी भीषण आग, चालक ने कूदकर बचायी जान

पीपलपोखरा निवासी करण नेगी अपनी कार से घर लौट रहे थे, इसी दौरान वाहन में अचानक आग लग गई

CAR CAUGHT FIRE IN LAMACHAUR
कार में लगी भीषण आग (Photo courtesy: Fire Brigade)
author img

By ETV Bharat Uttarakhand Team

Published : February 10, 2026 at 12:05 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

हल्द्वानी: नैनीताल जिले के लामाचौड़ क्षेत्र में सोमवार देर रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब चलती हुई टाटा पंच कार में अचानक आग लग गई. गनीमत रही कि कार चला रहे युवक ने समय रहते सूझबूझ दिखाते हुए वाहन से बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली. घटना के बाद सड़क पर कुछ देर के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ. बाद में दमकल के वाहन ने आग पर काबू पाया.

लामाचौड़ में चलती टाटा पंच कार में लगी आग: सोमवार की रात्रि में करण नेगी निवासी गांधी आश्रम, पीपलपोखरा नंबर-1 अपनी टाटा पंच कार से घर लौट रहे थे. जैसे ही वह लामाचौड़ क्षेत्र में पहुंचे, तभी कार के इंजन हिस्से से अचानक धुआं उठने लगा. कुछ ही पलों में कार में आग भड़क गई. आग लगते ही करण नेगी ने बिना देर किए कार को सड़क किनारे रोका और तुरंत बाहर निकल आए. उनकी तत्परता और समझदारी के चलते एक बड़ा हादसा होने से टल गया.

चलती कार में आग लगी (Video Courtesy- Fire Brigade)

दमकल ने बुझाई कार में लगी आग: कार में आग लगते देख आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया. सड़क पर गुजर रहे वाहन चालकों ने अपने वाहन रोक दिए, जिससे कुछ समय के लिए यातायात व्यवस्था प्रभावित हो गई. लोगों ने घटना की सूचना तत्काल अग्निशमन विभाग को दी. सूचना मिलते ही विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया.

आग से पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई कार: आग लगने से कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई. प्रारंभिक जांच में अनुमान लगाया जा रहा है कि आग लगने का कारण तकनीकी खराबी या शॉर्ट सर्किट हो सकता है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो पाएगी. पुलिस और दमकल विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर घटना का जायजा लिया और आवश्यक कार्रवाई की.

पुलिस ने ये कहा: मुखानी थाने के एसओ सुशील जोशी ने बताया कि-

कल देर रात एक कार में आग लगने की सूचना मिली थी. चालक सुरक्षित है. कार क्षतिग्रस्त हुई है. अग्निशमन विभाग मामले की जांच कर रहा है.
-सुशील जोशी, एसओ, मुखानी थाना-

ये भी पढ़ें: हल्द्वानी में पार्किंग में खड़ी कार में लगी आग, लोगों में मची अफरातफरी