ETV Bharat / state

जयपुर में खनन कारोबारी को धमकी भरा कॉल, मांगी पांच करोड़ की रंगदारी

कॉल करने वाले बदमाश ने रोहित गोदारा गैंग के नाम से धमकाया, अशोक नगर थाने में मुकदमा दर्ज.

Ashok Nagar Police Station, Jaipur
अशोक नगर थाना, जयपुर (ETV Bharat Jaipur)
author img

By ETV Bharat Rajasthan Team

Published : January 2, 2026 at 5:22 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

जयपुर: राजधानी जयपुर में एक खनन कारोबारी को धमकाकर रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है. उसे वाट्सएप कॉल और वॉइस नोट के जरिए जान से मारने की धमकी देकर पांच करोड़ रुपए की रंगदारी मांगी गई है. कॉल करने वाले बदमाश ने खुद को रोहित गोदारा गैंग से जुड़ा बताकर जान से मारने की धमकी दी. खनन कारोबारी की रिपोर्ट पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी. जयपुर (दक्षिण) डीसीपी राजर्षि राज ने शुक्रवार को बताया कि खनन कारोबारी की शिकायत पर अशोक नगर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है.

30 और 31 दिसंबर को आए धमकी भरे कॉल: डीसीपी (दक्षिण) राजर्षि राज ने बताया कि परिवादी ने रिपोर्ट में बताया कि 30 दिसंबर 2025 को अनजान नंबर से इंटरनेशनल वाट्सएप कॉल आया. कॉल करने वाले शख्स ने खुद को रोहित गोदारा और राहुल रिनाऊ गैंग का बदमाश बताया और पांच करोड़ रुपए की रंगदारी मांगी. इसके बाद 31 दिसंबर 2025 की शाम को एक बार और वाट्सएप कॉल आया रंगदारी के लिए धमकी दी गई. उसके वाट्सएप नंबर पर एक वॉइस नोट भी मिला है. इसमें जान से मारने की धमकी देकर पांच करोड़ रुपए की रंगदारी मांगी गई है.

पढ़ें:Sriganganagar Crime : लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर चल रहा रंगदारी नेटवर्क बेनकाब, 91 लाख नकद जब्त, 4 गिरफ्तार

परिवार को जान की धमकी: शिकायत में बताया कि कॉल करने वाले बदमाश ने रुपए नहीं देने पर परिवादी और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी. शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई है. जिन मोबाइल नंबर से धमकीभरे कॉल आए है. उनका तकनीकी विश्लेषण करवाया जा रहा है. इसके साथ ही मुखबिर तंत्र से भी जानकारी जुटाई जा रही है.

पढ़ें: चित्तौड़गढ़ के 'गोल्डमैन' के बाद अब रावतभाटा के ठेकेदार को गोदारा गैंग की धमकी