ETV Bharat / state

पक्काभरो के पास कंटेनर में भीषण आग, आर्मी जवान का सामान और बाइक जलकर राख

हमीरपुर में एक कंटेनर में आग लग गई. कंटेनर आर्मी जवान का सामान ले जा रहा था.

कंटेनर में लगी आग
कंटेनर में लगी आग (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team

Published : February 20, 2026 at 7:02 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

हमीरपुर: जिला हमीरपुर के पक्काभरो क्षेत्र के पास शुक्रवार को एक बड़ा हादसा पेश आया. यहां सड़क पर एक कंटेनर में आग लग गई. इसके कारण कंटेनर में रखा सामान जलकर पूरी तरह राख हो गया. इस घटना में एक मोटरसाइकिल, घरेलू सामान और स्वयं कंटेनर को भारी नुकसान पहुंचा है.

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार कंटेनर चेन्नई आया था और पालमपुर की ओर जा रहा था. इसमे एक आर्मी जवान का घरेलू सामान लदा हुआ था. बताया जा रहा है कि सुबह करीब 3:30 बजे जब कंटेनर नंबर HR39F1012 पक्काभरो के समीप पहुंचा तो अचानक वाहन से धुआं उठता दिखाई दिया. चालक ने तुरंत कंटेनर को सड़क किनारे रोक दिया. इसके बाद चालक ने कंटेनर का दरवाजा खोला. दरवाजा खुलते ही अंदर आग की लपटें दिखाई दीं, जो तेजी से फैलती चली गईं. चालक ने शोर मचाकर स्थानीय लोगों को सहायता के लिए बुलाया. वहीं स्थानीय लोगों ने तुरंत अग्निशमन विभाग को सूचना दी. सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया.

सामान पूरी तरह से जलकर राख

हालांकि तब तक कंटेनर में रखा एक बाइक और अन्य घरेलू सामान पूरी तरह जल चुका था. कंटेनर में कार भी थी उसे भी नुकसान पहुंचा है. आग की चपेट में आने से कंटेनर के पिछले हिस्से को भी काफी नुकसान पहुंचा है. इस आगजनी की घटना में लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है. गनीमत यह रही कि हादसे में किसी प्रकार का जानी नुकसान नहीं हुआ. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग इतनी तेज थी कि कुछ ही मिनटों में अंदर रखा सारा सामान जलकर राख हो गया. बताया जा रहा है कि ये सामान आर्मी जवान का था.

पुलिस कर रही मामले की जांच

वहीं एसपी हमीरपुर बलबीर सिंह ठाकुर ने बताया कि 'कंटेनर चेन्नई से पालमपुर जा रहा था और पक्काभरो के पास अचानक धुआं उठने की घटना सामने आई. पुलिस विभाग द्वारा मामला दर्ज कर लिया और आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है. अभी तक आग लगने के सटीक कारणों का पता नहीं चल पाया है. प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट या किसी ज्वलनशील सामग्री के कारण आग लगने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही की जाएगी.'

ये भी पढ़ें: शिमला में हर शौचालय में महिलाओं को मिलेगा सेनेटरी पैड, स्तनपान के लिए माल रोड-रिज पर बनेंगे फीडिंग रूम