भीलवाड़ा में कपड़ा फैक्ट्री के गोदाम में लगी भीषण आग, लाखों का नुकसान
भीलवाड़ा के प्रतापनगर थाना क्षेत्र में रीको थर्ड फेज की कपड़ा फैक्ट्री गोदाम में सोमवार शाम भीषण आग लगी। दमकल टीम ने काबू पाया.

Published : February 23, 2026 at 8:07 PM IST
भीलवाड़ा: शहर के प्रतापनगर थाना क्षेत्र में स्थित रीको थर्ड फेज एरिया में सोमवार शाम एक कपड़ा फैक्ट्री के गोदाम में भीषण आग लग गई. यह फैक्ट्री स्कूल ड्रेस बनाने वाली थी, जहां गोदाम में रखे कपड़े पूरी तरह जलकर राख हो गए. आग की लपटें और धुआं दूर-दूर तक नजर आ रहा था, जिससे आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया.
आग की सूचना मिलते ही नगर निगम की 6 दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं. इसके अलावा, निजी कपड़ा इंडस्ट्री की दमकल गाड़ियां भी सहायता के लिए आईं. प्रतापनगर और गांधीनगर थाना पुलिस की टीमों ने तुरंत पहुंचकर स्थिति संभाली. आग इतनी भयावह थी कि गोदाम में सुलगती आग को पूरी तरह बुझाने में समय लगा, लेकिन अंततः उस पर काबू पा लिया गया. गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई.

इसे भी पढ़ें- भिवाड़ी के कबाड़ गोदाम में भीषण आग, दूर तक दिखी लपटें और धुआं
आग पर पाया गया काबू: भीलवाड़ा एसपी धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि आग लगने की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल टीम मौके पर पहुंची. आग के कारणों की जांच की जा रही है, और प्रारंभिक अनुमान से काफी नुकसान हुआ है. वहीं, भीलवाड़ा सिटी डिवाईएसपी सज्जन सिंह ने कहा कि आग की सूचना पर तुरंत कार्रवाई की गई. कपड़ा गोदाम होने के कारण आग धीरे-धीरे सुलग रही थी, लेकिन जल्द ही उसे पूरी तरह नियंत्रित कर लिया जाएगा.
जांच में जुटी पुलिस: आग की भीषणता को देखते हुए पुलिस ने रीको क्षेत्र में आवाजाही रोक दी और ट्रैफिक डायवर्जन किया. आसपास की कपड़ा इंडस्ट्री में कामकाज प्रभावित हुआ, लेकिन बड़ी मुश्किल से आग पर काबू पाया गया. जांच टीम आग के सटीक कारणों का पता लगाने में जुटी है, जिसमें शॉर्ट सर्किट या अन्य तकनीकी खराबी की संभावना जताई जा रही है.
इसे भी पढ़ें- किशनगढ़ में आग का तांडव: सिलोरा रीको क्षेत्र के गोदाम में लगी भीषण आग, बाल-बाल बची ऑयल फैक्ट्री

