बाड़मेर की कूलर फैक्टी में भीषण आग, दूर तक दिखा धुएं का गुब्बार
कूलर फैक्ट्री में कलर और प्लास्टिक का सामान होने की वजह से आग तेजी से फैली.

Published : January 10, 2026 at 7:13 PM IST
बाड़मेर: शहर के जसदेर धाम के पास स्थित कूलर फैक्ट्री में शनिवार शाम अचानक आग लग गई. आग इतनी भीषण थी कि कुछ ही देर में पूरी फैक्ट्री को जद में ले लिया. देखते ही देखते धुएं में काले गुब्बार शहर में दूर-दूर तक दिखाई देने लगे. फैक्ट्री जलता देख आसपास के लोग मौके पर पहुंचे. आग की सूचना पर पुलिस और दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंची. आग पर काबू पाने के प्रयास शुरू किए. आग से फैक्ट्री में रखा कूलर बनाने का सामान और प्लास्टिक के ड्रम आदि जल गए.
एएसआई हरिराम ने बताया कि बाड़मेर के मगरा स्थित अजीज खान तेली निवासी इन्द्रा कॉलोनी की कूलर बनाने के फैक्ट्री में आग लगने की सूचना मिली थी. पुलिस और दमकल के वाहन मौके पर पहुंचे. आग पर काबू पाने के प्रयास शुरू किए. दमकल ने आग पर काफी हद तक काबू पा लिया. टिन सेट की बनाई फैक्ट्री में कूलर बनाने का सामान और प्लास्टिक के ड्रम और अन्य सामान रखा हुआ था, जो जल गया.
पढ़ें:जयपुर में जेसीबी वर्कशॉप में भीषण आग, दो घंटे उठती रही लपटें और धुआं
कारण पता नहीं लगा: एएसआई हरिराम ने बताया कि कूलर फैक्ट्री में कलर और प्लास्टिक का सामान होने की वजह से आग तेजी से फैली. कुछ ही मिनट में पूरी फैक्ट्री को चपेट में ले लिया. आग से कोई जनहानि नहीं हुई. आग लगने का कारण अभी पता नहीं लग पाया है. जेसीबी मशीन की सहायता से टीन सेट से बनी फैक्ट्री को तोड़कर पूरी तरह से आग बुझाने के प्रयास किए गए.

