पानीपत के एक बाथमेट फैक्ट्री में लगी भीषण आग, लाखों की मशीनरी और तैयार माल स्वाहा
पानीपत में बाथमेट फैक्ट्री में अचानक से लगी भीषण आग के कारण लाखों की संपत्ति स्वाहा हो गई.

Published : August 25, 2026 at 2:43 PM IST
|Updated : August 25, 2026 at 10:36 PM IST
पानीपत: जाटल रोड स्थित कश्यप कॉलोनी में मंगलवार सुबह एक बाथमेट फैक्ट्री में अचानक भीषण आग लग गई. देखते ही देखते आग ने पूरी फैक्ट्री को अपनी चपेट में ले लिया. आग इतनी भयंकर थी कि फैक्ट्री की बिल्डिंग, मशीनरी और अंदर रखा तैयार माल जलकर राख हो गया. फैक्ट्री मालिक ने बताया कि करीब 60 से 70 लाख रुपये का मटेरियल फैक्ट्री में रखा था, जबकि बिल्डिंग और मशीनरी के नुकसान को मिलाकर कुल नुकसान करोड़ों रुपये तक पहुंचने की आशंका जताई जा रही है.
सुबह 5 बजे मजदूरों ने मालिक को दी आग की सूचनाः फैक्ट्री में ऊपर बने कमरों में चार मजदूर सो रहे थे. सुबह करीब 5 से 5:15 बजे के बीच उन्हें आग की गंध महसूस हुई. बाहर देखा तो फैक्ट्री में आग लगी हुई थी. मजदूरों ने तुरंत फैक्ट्री मालिक संदीप कुमार को फोन कर घटना की सूचना दी. सूचना मिलते ही मालिक मौके पर पहुंचे और दमकल विभाग को सूचना दी.
मेजर फायर होने पर सभी स्टेशनों से भेजी गई गाड़ियांः दमकल विभाग के अधिकारी अमित कुमार ने बताया कि "सुबह करीब 5:20 से 5:22 बजे के बीच जाटल रोड पर कश्यप कॉलोनी के पास आग लगने की सूचना मिली थी. आग की गंभीरता को देखते हुए दमकल विभाग ने सभी स्टेशनों से फायर टेंडर मौके पर भेजे. करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया गया."
बिल्डिंग, मशीन और तैयार माल को भारी नुकसान: फैक्ट्री मालिक संदीप कुमार ने बताया कि "जब उन्हें फोन आया तो वह तुरंत घर से फैक्ट्री पहुंचे. मौके पर पहुंचने पर पूरी फैक्ट्री आग की लपटों में घिरी हुई थी. उन्होंने बताया कि आग से बिल्डिंग को भारी नुकसान हुआ है. फैक्ट्री में करीब 60-70 लाख रुपये का तैयार माल और मटेरियल रखा हुआ था, जो पूरी तरह जलकर राख हो गया. मशीनरी को भी नुकसान पहुंचा है."
आग लगने का कारण अभी स्पष्ट नहींः दमकल विभाग के अधिकारी अमित कुमार ने बताया कि "फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है. आग बुझाने के बाद फैक्ट्री मालिक से जानकारी ली जाएगी और जांच के बाद ही आग लगने के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा. गनीमत रही कि फैक्ट्री में मौजूद चारों मजदूर समय रहते सुरक्षित बाहर निकल आए.
मशीनरी और लाखों का तैयार माल स्वाहाः जाटल रोड की फैक्ट्री में लगी भीषण आग ने कुछ ही देर में बिल्डिंग, मशीनरी और लाखों रुपये के तैयार माल को अपनी चपेट में ले लिया. गनीमत रही कि फैक्ट्री में सो रहे चार मजदूरों को समय रहते आग की भनक लग गई और उन्होंने मालिक को सूचना दे दी, जिससे उनकी जान बच गई. दमकल विभाग ने करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है, जबकि फैक्ट्री मालिक ने भारी आर्थिक नुकसान की बात कही है.

