रुद्रपुर में मंदिर के पास नमाज पढ़ने को लेकर विवाद, प्रबंधक पर शख्स को पीटने का आरोप, मुकदमा दर्ज
जगतपुरा स्थित अटरिया मंदिर के सामने खाली पड़ी जमीन पर राजमिस्त्री का काम करने वाला शख्स नमाज पढ़ रहा था

By ETV Bharat Uttarakhand Team
Published : February 25, 2026 at 1:35 PM IST
ऊधम सिंह नगर: रुद्रपुर में मंदिर परिसर के सामने की जमीन पर नमाज पढ़ने को लेकर विवाद हो गया. प्राचीन अटारिया मंदिर परिसर के बाहर नमाज अदा कर रहे एक शख्स के साथ कथित रूप से मारपीट का आरोप है. वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला तूल पकड़ता जा रहा है. युवक के पक्ष ने पुलिस में तहरीर देकर सख्त कार्रवाई की मांग की है. वहीं मंदिर प्रबंधक ने युवक पर गाली-गलौज करने और मना करने के बाद भी मंदिर परिसर के बाहर नमाज पढ़ने का आरोप लगाया है.
रुद्रपुर में नमाज पढ़ने को लेकर विवाद: जानकारी के अनुसार, रेशमबाड़ी निवासी शाहिद पुत्र मोहम्मद जान मंदिर के पास में बन रहे एक मकान में राजमिस्त्री का कार्य कर रहा है. रमजान के चलते काम के दौरान शाहिद मंदिर परिसर के बाहर एक स्थान पर नमाज पढ़ रहा था.
राज मिस्त्री शाहिद ने क्या कहा: इस दौरान मंदिर के प्रबंधक अरविंद शर्मा ने कथित रूप से उन्हें वहां नमाज पढ़ने से मना किया. आरोप है कि कहासुनी के बाद मारपीट और गाली गलौज हो गई. इस घटना का वीडियो मौके पर मौजूद किसी व्यक्ति ने बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया. वीडियो सामने आने के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल बन गया.
राज मिस्त्री ने पुलिस को सौंपी तहरीर: घटना के बाद शाहिद अपने समुदाय के लोगों को साथ लेकर सिडकुल चौकी पहुंचा और पुलिस को तहरीर सौंपकर आरोपित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की. पुलिस ने शाहिद का जिला अस्पताल में मेडिकल परीक्षण कराया है.
मंदिर प्रबंधक ने क्या कहा: उधर मंदिर के प्रबंधक ने कहा कि शाहिद कई दिन से मंदिर के बाहर नमाज पढ़ रहा था. उसे लगातार मना किया जा रहा था, लेकिन उस पर कोई असर नहीं हो रहा था. मंगलवार को भी जब नमाज पढ़ने वहां आया तो उससे फिर मना किया गया तो उसने गाली-गलौज शुरू कर दी.
पुलिस ने क्या कहा: पंतनगर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक नंदन सिंह रावत ने बताया कि-
मामले का संज्ञान लेते हुए शाहिद की तहरीर प्राप्त हो गई है. उसे मेडिकल के लिए जिला अस्पताल भेजा गया. मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी. वायरल वीडियो की भी पड़ताल की जा रही है. जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी. प्रशासन ने लोगों से शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील की है.
-नंदन सिंह रावत, पंतनगर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक-
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा: कोतवाली पंतनगर क्षेत्र में हुए प्रकरण के सम्बन्ध में पुलिस अधीक्षक अपराध ने कहा कि-
वीडियो की जांच की जा रही है. तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. जो दोषी होगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी.
-जितेंद्र चौधरी, एसपी, क्राइम कंट्रोल-
रुड़की में युवकों ने की मारपीट: उधर हरिद्वार जिले के पिरान कलियर थाना क्षेत्र में एक युवक के साथ मारपीट का मामला सामने आया है. मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, हालांकि वीडियो सामने आने के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं. बहरहाल पुलिस ने वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी है.

सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है. वायरल वीडियो पिरान कलियर थाना क्षेत्र के धनौरी बाजार का बताया जा रहा है. वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि तीन से चार युवक एक युवक को दुकान से बाहर निकलते ही सड़क पर घेर लेते हैं. युवक के साथ हाथापाई शुरू करने लगते हैं. इस दौरान आसपास मौजूद लोग तमाशबीन बने रहते हैं.
बताया जा रहा है कि 24 फरवरी मंगलवार के दिन पिरान कलियर थाना क्षेत्र में धनौरी के जस्वावाला गांव से एक बारात भोगपुर गांव में गई थी. बारात के दौरान दोनों गांवों के युवकों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी. हालांकि उस समय मौके पर मौजूद लोगों ने दोनों पक्षों में बीच-बचाव करा कर मामला शांत करा दिया था, लेकिन इसके बाद धनौरी बाजार में मारपीट की घटना सामने आई है, जो पास ही लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई.
पिरान कलियर थाना प्रभारी निरीक्षक रविन्द्र कुमार का कहना है कि-
मारपीट का वीडियो उनके संज्ञान में है. वीडियो की जांच पड़ताल की जा रही है. जांच के बाद दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी.
-रविंद्र कुमार, प्रभारी, पिरान कलियर थाना-
ये भी पढ़ें: प्रारंभिक शिक्षा निदेशक अजय नौडियाल से मारपीट, बीजेपी विधायक के समर्थकों पर आरोप, वीडियो आया सामने

