प्रयागराज : सीवर लाइन खुदाई के दौरान हादसा, मिट्टी धंसने से गड्ढे में दबा मजदूर, मौत
करीब 6 घंटे तक चले राहत और बचाव कार्य के बाद मजदूर के शव को मिट्टी के ढेर से बाहर निकाला जा सका.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : May 3, 2026 at 8:22 PM IST
प्रयागराज : प्रयागराज के ककरहा घाट पर सीवर लाइन के लिए हो रही खुदाई के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया. जहां मिट्टी धंसने से खुदाई कर रहा मजदूर गया प्रसाद (45) मलबे के नीचे दब गया. घटना की सूचना मिलते ही एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंचीं. करीब 6 घंटे तक चले राहत और बचाव कार्य के बाद जेसीबी की मदद से मजदूर के शव को मिट्टी के ढेर से बाहर निकाला जा सका.
एसीपी अतरसुईया निकिता श्रीवास्तव ने बताया कि जिस जगह मजदूर दबा था, वहां अधिक मिट्टी होने के चलते रेस्क्यू में थोड़ा दिक्कत आ रही थी, लेकिन एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की मदद से मजदूर की बॉडी को निकाल लिया गया है. घटना के बाद ठेकेदार जेसीबी लेकर भाग गया. स्थानीय लोगों ने फावड़ा से काफी देर तक मिटटी हटाने का काम किया, फिर जेसीबी आने पर रेस्क्यू चला तब शव निकाला जा सका.
आपको बता दें कि लगभग 1 महीने से जल निगम की पाइपलाइन बिछाने का काम चल रहा है, जिसमें लगभग एक दर्जन मजदूर काम कर रहे हैं, लेकिन जिस समय घटना हुई उस समय केवल दो मजदूर काम कर रहे थे, जिसमें एक ने भाग कर अपनी जान बचाई और दूसरा चपेट में आ गया. फिलहाल पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है. तहरीर के आधार पर ठेकेदार के खिलाफ कारवाई की जाएगी.
एसीपी निकिता श्रीवास्तव के मुताबिक जल निगम की तरफ से ककरहा घाट पर सीवर लाइन डालने का काम किया जा था, जिसमें दो मजदूर मिट्टी खोदने में लगे थे. इसी दौरान मिट्टी का ढेर गिर गया और मजदूर गया प्रसाद (45) उसकी चपेट में आ गया. फिलहाल पिछले 6 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद मजदूर की बॉडी को रेस्क्यू करके बाहर निकाला गया है. मृतक की डेड बॉडी को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. मामले में कार्रवाई की जा रही है.

