सुंदरनगर में होटल मालिक को चाकू मारकर किया घायल, किन्नर समेत चार आरोपी फरार, जांच जारी
सुंदरनगर में होटल मालिक पर चाकू से हमला करने का मामले सामने आया है. आरोपी वारदात के बाद फरार हो गए.

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team
Published : December 31, 2025 at 5:16 PM IST
सुंदरनगर: नववर्ष के मौके पर पर्यटकों की बढ़ती आवाजाही के बीच सुंदरनगर क्षेत्र में असामाजिक तत्वों की गतिविधियां भी सामने आने लगी हैं. मंगलवार देर शाम सुंदरनगर के हराबाग क्षेत्र में स्थित एक निजी होटल में मामूली कहासुनी के बाद चार लोगों ने होटल मालिक पर जानलेवा हमला हुआ. हमलावरों में एक किन्नर और तीन अन्य युवक शामिल बताए जा रहे हैं, जो वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए.
घायल होटल मालिक की पहचान ललित निवासी सुंदरनगर के रूप में हुई है, जो भारतीय नौसेना से सेवानिवृत्त बताए जा रहे हैं. घटना के बाद उन्हें गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है. प्राप्त जानकारी के अनुसार मंगलवार देर शाम होटल के बाहर एक स्विफ्ट डिजायर कार आकर रुकी, जिसमें चार लोग सवार थे. इनमें एक किन्नर और तीन युवक शामिल थे. प्र
पहले गाली गलोच और फिर मारा चाकू
त्यक्षदर्शी एवं ढाबे में कार्यरत सचिन वर्मा ने बताया कि चारों लोग होटल के अंदर आए और खाना मांगने लगे. होटल में भीड़ होने के कारण खाने में कुछ देरी हो गई, जिस पर वो शोर-शराबा करने लगे. शोर सुनकर कैश काउंटर पर मौजूद होटल मालिक ललित ने उन्हें शांति बनाए रखने को कहा. इसी बात पर चारों भड़क गए और कैश काउंटर पर पहुंचकर ललित से बहस करने लगे. आरोप है कि इसी दौरान किन्नर ने गाली-गलौच शुरू कर दी. बताया जा रहा है कि दो युवकों के हाथों में चाकू थे. आरोपियों ने ललित को कैश काउंटर से खींचकर बाहर ले जाने का प्रयास किया. इस दौरान ललित ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो बनाना शुरू कर दिया, जिससे हमलावर और ज्यादा उग्र हो गए. उन्होंने ललित को जबरन बाहर खींच लिया. स्टाफ ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, लेकिन आरोपियों ने उनके साथ भी धक्का-मुक्की की. जब मैं पुलिस को सूचना देने के लिए अंदर गया, तो इसी दौरान आरोपियों ने ललित पर पेट में चाकू से हमला कर दिया. वारदात के बाद सभी आरोपी अपनी कार में सवार होकर सुंदरनगर की ओर फरार हो गए.
मामले की जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और क्षेत्र में नाकाबंदी कर दी गई. डीएसपी भारत भूषण ने बताया कि 'मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और आरोपियों की तलाश जारी है. जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है.' बता दें की इस घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है और स्थानीय लोगों ने नववर्ष के दौरान सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी करने की मांग की है.
ये भी पढ़ें: शराब के नशे में ड्यूटी करने वाले कंडक्टर को HRTC ने किया सस्पेंड, एक परिचालक पर FIR

