देवघर में स्कूल वैन और पिकअप में सीधी टक्कर, एक बच्ची की मौत
देवघर में सड़क हादसे में एक बच्ची की मौत हो गई. हितेश कुमार चौधरी की रिपोर्ट.

Published : September 1, 2026 at 6:44 PM IST
देवघर: पालाजोरी प्रखंड के चित्रा क्षेत्र स्थित नारंगी मोड़ के पास मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. बच्चों से भरी स्कूल वैन और पिकअप वैन के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई. हादसे में एक बच्ची की मौत हो गई, जबकि कई बच्चे घायल हुए हैं. चार बच्चों की स्थिति गंभीर बताई जा रही है.
एक बच्ची की मौके पर ही मौत,चार गंभीर घायल
जानकारी के अनुसार, नारंगी मोड़ की ओर आ रही पिकअप वैन की टक्कर एमडी एकेडमी की स्कूल वैन से हो गई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कूल वैन में सवार बच्चे घायल हो गए. हादसा होते ही आसपास के स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू कर बच्चों को वाहन से बाहर निकाला. टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कूल वैन के परखच्चे उड़ गए.
निजी अस्पताल में कराया जा रहा इलाज
घायल बच्चों को तत्काल इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल और निजी अस्पताल भेजा गया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया. चिकित्सकों के अनुसार, अधिकांश घायल बच्चों का प्राथमिक इलाज कर दिया गया है. हालांकि, एक-दो बच्चों की स्थिति गंभीर बनी हुई है.
इस हादसे में मुनिया कुमारी नाम की बच्ची की मौत हो गई है. वहीं चार बच्चे गंभीर रूप से घायल हैं. इनमें एक बच्चे के पैर में गंभीर चोट आई है, जबकि तीन बच्चों को सिर में गंभीर चोट यानी हेड इंजरी हुई है. बच्ची के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा.
अस्पताल पहुंचे पूर्व मंत्री रणधीर सिंह
घटना की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय नेता और पूर्व मंत्री रणधीर सिंह भी देवघर के अस्पताल पहुंचे. उन्होंने घायल बच्चों और उनके परिजनों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और इलाज की जानकारी ली.
रणधीर सिंह ने कहा कि मृतक बच्ची के परिजनों को इंश्योरेंस के तहत करीब 20 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दिलाने का प्रयास किया जाएगा. साथ ही घायल बच्चों के परिजनों को भी मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया गया है.
स्कूल प्रबंधन और पिकअप मालिक ने की आर्थिक मदद
घायल बच्चों के तत्काल इलाज के लिए स्कूल प्रबंधन और पिकअप वैन मालिक की ओर से आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई गई है, ताकि बच्चों के इलाज में किसी तरह की परेशानी न हो.
पुलिस ने पिकअप वैन को लिया कब्जे में
हादसे के बाद पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त पिकअप वैन को अपने कब्जे में ले लिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस हादसे के कारणों का पता लगाने में जुटी है.
खरतनाक है चित्रा का नारंगी मोड़
स्थानीय लोगों के मुताबिक, नारंगी मोड़ के पास आए दिन सड़क हादसे होते रहते हैं. इससे पहले भी यहां कई छोटे-बड़े सड़क हादसों में लोग घायल हो चुके हैं. ऐसे में स्थानीय लोग इस स्थान पर सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम की मांग कर रहे हैं.

