दर्दनाक ! खेत पर जा रहा था किसान, चाइनीज मांझे से हुआ लहूलुहान, चेहरे पर आये पांच टांके
डीडवाना कुचामनसिटी जिले में रोक के बावजूद चाइनीज माझा धड़ल्ले से बिक रहा है.

Published : January 2, 2026 at 2:15 PM IST
कुचामनसिटी: जिले के मौलासर गांव में चाइनीज मांझे से एक किसान घायल हो गया. धारदार प्लास्टिक मांझे से किसान के चेहरे पर गहरे घाव आए और उसे पांच टांके लगाने पड़े. गनीमत यह रही कि मांझा गले तक नहीं पहुंचा, अन्यथा जान भी जा सकती थी.
एडिशनल एसपी जितेंद्र सिंह ने बताया कि स्थानीय निवासी चंद्रभान मंडीवाल (46) पुत्र रामचंद्र मंडीवाल सुबह बाजार से यूरिया का कट्टा लेकर अपने दुपहिया वाहन से खेत जा रहा था. खेत के नजदीक पहुंचते ही वह हवा में लटक रहे प्लास्टिक निर्मित चाइनीज मांझे की चपेट में आ गया और वाहन सहित नीचे गिर पड़े.
पढ़ें: चाइनीज मांझे से कटी युवक की पलक, सर्जरी में आए 70 टांके, समय रहते इलाज मिलने से बची जान
घटना की सूचना मिलते ही कस्बे के चुन्नीलाल बलारा और नवीन जोशी मौके पर पहुंचे और लहूलुहान हालत में चंद्रभान को स्थानीय सामुदायिक चिकित्सालय पहुंचाया. चिकित्सकों के अनुसार मांझे से नाक, ऊपरी होंठ और गाल पर करीब तीन सेंटीमीटर का गहरा घाव आया है, जिस पर पांच टांके लगाने पड़े. डॉक्टरों ने बताया कि यदि मांझा गले पर आता तो बड़ी दुर्घटना हो सकती थी.
एडिशनल एसपी ने बताया कि मकर संक्रांति जैसे धार्मिक और सांस्कृतिक पर्व के दौरान पतंगबाजी के नाम पर चाइनीज मांझे के उपयोग पर रोक लगी है. यह जानलेवा साबित हो रहा है. ग्रामीणों ने पुलिस व प्रशासन से मांग की है कि ऐसे विक्रेताओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर चाइनीज मांझे के विक्रय पर पूरी तरह रोक लगाई जाए, ताकि भविष्य में किसी की जान जोखिम में न पड़े.

