ETV Bharat / state

भीलवाड़ा में रफ्तार का कहर: डंपर की टक्कर से 8 महीने के मासूम सहित 3 की मौत, 2 घायल

हादसा भीलवाड़ा-कोटा राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुआ, जहां तेज रफ्तार डंपर ने एक कार को जोरदार टक्कर मार दी. घायलों का इलाज अस्पताल में जारी है.

Bhilwara accident
हादसे के बाद क्षतिग्रस्त वाहन (ETV Bharat Bhilwara)
author img

By ETV Bharat Rajasthan Team

Published : January 1, 2026 at 4:30 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

भीलवाड़ा: नववर्ष 2026 के पहले दिन राजस्थान के भीलवाड़ा जिले में सड़क दुर्घटना ने एक परिवार को गहन शोक में डुबो दिया. बिगोद थाना क्षेत्र से गुजरने वाले भीलवाड़ा-कोटा राष्ट्रीय राजमार्ग पर गुरुवार दोपहर तेज रफ्तार डंपर ने एक कार को जोरदार टक्कर मार दी. इस हादसे में कार में सवार 8 महीने के मासूम नकुल, नारायण (40 वर्ष) और कार चालक भानु प्रताप की मौत हो गई. वहीं, नकुल की मां गनिया (30 वर्ष) और 3 वर्षीय बहन मन्नू गंभीर रूप से घायल हो गईं. दोनों घायलों को तत्काल उदयपुर के अस्पताल में रेफर किया गया, जहां उनका इलाज जारी है.

डंपर ने मारी टक्कर: बिगोद थाना प्रभारी जय सुल्तान कविया ने बताया कि हादसा बिगोद कस्बे के निकट हुआ. मांडल थाना क्षेत्र के मेजा गांव निवासी गनिया अपने बच्चों मन्नू व नकुल और जीजा नारायण के साथ कार से भीलवाड़ा से मांडलगढ़ स्थित अपने पीहर जा रही थी. इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रहे डंपर चालक ने ओवरटेक करने की कोशिश में लापरवाही दिखाई और कार से सीधी भिड़ंत हो गई. टक्कर की तीव्रता इतनी अधिक थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया.

इसे भी पढ़ें- दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर घने कोहरे के कारण हादसा, बस और ट्रक की टक्कर में एक की मौत

हादसे में मासूम नकुल और नारायण की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई. गंभीर रूप से घायल कार चालक भानु प्रताप को भीलवाड़ा के महात्मा गांधी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उपचार के दौरान उन्होंने भी दम तोड़ दिया. घायल मां गनिया और बेटी मन्नू की हालत नाजुक बताई जा रही है. टक्कर के बाद राजमार्ग पर काफी देर तक लंबा जाम लग गया. पुलिस ने क्रेन की मदद से वाहनों को हटवाकर यातायात बहाल कराया.

चालक के खिलाफ मामला दर्ज: थाना प्रभारी ने बताया कि सूचना मिलते ही बिगोद पुलिस टीम मौके पर पहुंची. तीनों मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंपा गया. पुलिस ने डंपर को जब्त कर लिया और चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने व दुर्घटना में मौत का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. घायल मां और बेटी की स्थिति गंभीर है, जिनका उदयपुर के अस्पताल में उपचार जारी है.

इसे भी पढ़ें- दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर दर्दनाक हादसा, दो लोगों की हुई मौत