ETV Bharat / state

कॉर्बेट पार्क में खुद शिकार होने से बचा टाइगर, हमले का वीडियो देखिए

पानी पीने गए बाघ पर मगरमच्छ ने अचानक हमला कर दिया था, अपनी चुस्ती-फुर्ती के कारण बाघ बच गया

CROCODILE ATTACKED A TIGER
बाघ पर हमला करता मगरमच्छ (Photo courtesy of social media)
author img

By ETV Bharat Uttarakhand Team

Published : December 16, 2025 at 8:40 AM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

रामनगर: कॉर्बेट नेशनल पार्क के ढिकाला क्षेत्र से एक रोमांचक और हैरान कर देने वाला वीडियो सामने आया है. ये वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. इस वीडियो में जंगल का राजा कहे जाने वाला बाघ, खुद एक दूसरे शिकारी का शिकार बनते-बनते बचता हुआ दिखाई दे रहा है.

मगरमच्छ के हमले में बाल-बाल बचा टाइगर: करीब 18 सेकंड के इस वीडियो में देखा जा सकता है कि रामगंगा नदी के किनारे मौजूद बाघ पर अचानक पानी के भीतर से एक मगरमच्छ हमला कर देता है. हमला इतना अचानक होता है कि पल भर के लिए बाघ असंतुलित हो जाता है. लेकिन अपनी फुर्ती और ताकत के दम पर वह खुद को संभाल लेता है और मगरमच्छ के जबड़ों से बच निकलता है.

टाइगर पर मगरमच्छ ने किया हमला (Video social media)

मगरमच्छ के बाघ पर हमले का वीडियो हो रहा वायरल: यह पूरा घटनाक्रम कैमरे में कैद हो गया, जो अब सोशल मीडिया पर लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है. बताया जा रहा है कि यह वीडियो कॉर्बेट नेशनल पार्क के ढिकाला जोन स्थित रामगंगा नदी का है. पिछले हफ्ते ये वीडियो बनाया गया है. रामगंगा नदी मगरमच्छों और घड़ियालों का प्राकृतिक आवास मानी जाती है. यहां अक्सर बाघ, हाथी और अन्य वन्यजीव पानी पीने या नदी पार करने के दौरान पहुंचते हैं. ऐसे में अलग-अलग प्रजातियों के बीच आमना-सामना होना कोई नई बात नहीं है.

जंगल में सर्वाइवल ऑफ द फिटेस्ट का नियम: इस पूरे मामले पर कॉर्बेट टाइगर रिजर्व के निदेशक डॉ. साकेत बडोला ने कहा कि-

मगरमच्छ द्वारा टाइगर पर हमले का वीडियो सामने आया है. जंगल में सर्वाइवल ऑफ द फिटेस्ट का नियम चलता है. जो सबसे सक्षम होता है, वही जीवित रहता है. यह नियम एक ही प्रजाति के भीतर भी लागू होता है और अलग-अलग प्रजातियों के बीच भी. जंगल में अलग-अलग स्पीशीज के बीच इस तरह की इंटरेक्शन की घटनाएं समय-समय पर सामने आती रहती हैं. यह वीडियो भी उसी प्राकृतिक प्रक्रिया का एक उदाहरण है.
-डॉ. साकेत बडोला, निदेशक, कॉर्बेट टाइगर रिजर्व-

रोमांचक वीडियो को पसंद कर रहे लोग: वन्यजीव विशेषज्ञों का मानना है कि यह वीडियो जंगल के वास्तविक और कड़े नियमों को दर्शाता है, जहां शिकारी भी हमेशा सुरक्षित नहीं होता. यही कारण है कि यह दुर्लभ और रोमांचक दृश्य लोगों को अपनी ओर आकर्षित कर रहा है. फिलहाल यह वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है और लोग इसे कॉर्बेट के सबसे रोमांचक वन्यजीव पलों में से एक बता रहे हैं.
ये भी पढ़ें: कालाढूंगी से चंपावत तक शुरू होगी नई हेरिटेज सफारी, जिम कॉर्बेट ट्रेल का ब्लू प्रिंट तैयार