चेन्नई से हरिद्वार आ रहे कंटेनर में लगी भीषण आग, हाईवे पर मची अफरा तफरी, चालक ने कूदकर बचाई जान
हरिद्वार-नजीबाबाद नेशनल हाईवे की घटना, बीएचईएल का सामान ला रहा था कंटेनर

By ETV Bharat Uttarakhand Team
Published : February 25, 2026 at 7:19 AM IST
हरिद्वार: हरिद्वार-नजीबाबाद हाईवे पर मंगलवार देर शाम बड़ा हादसा हो गया. चंडी देवी उड़नखटोला से आगे गौरी शंकर क्षेत्र के पास एक चलते कंटेनर में अचानक भीषण आग लग गई. देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और कंटेनर आग के गोले में तब्दील हो गया. आग लगने की घटना से मौके पर अफरा तफरी मच गई.
चेन्नई से हरिद्वार आ रहे कंटेनर में लगी भीषण आग: प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार एक कंटेनर हाईवे से गुजर रहा था. तभी उसके केबिन से अचानक धुआं उठने लगा. चालक राजेश और परिचालक ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत वाहन को सड़क किनारे रोका और कूदकर अपनी जान बचाई. उनके बाहर निकलते ही आग ने पूरे कंटेनर को अपनी चपेट में ले लिया. कुछ ही मिनटों में कंटेनर का अगला हिस्सा धू धू कर जलने लगा.
कंटेनर का केबिन जल गया: सूचना मिलते ही श्यामपुर थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं. हाईवे पर कंटेनर में आग लगने के कारण कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित हो गया और वाहनों की लंबी कतारें लग गईं. पुलिस ने यातायात को डायवर्ट कर स्थिति को संभाला. फायर कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक कंटेनर का केबिन काफी हद तक जल चुका था.

बीएचईएल जा रहा था कंटेनर: बताया जा रहा है कि कंटेनर चेन्नई से भारत हैवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड यानी BHEL का सामान लेकर हरिद्वार आ रहा था. मगर भेल पहुंचने से पहले ही उसमें आग लग गई. गनीमत रही कि आग की चपेट में अन्य कोई वाहन नहीं आया. फायर कर्मियों ने वक्त रहते आग पर काबू पा लिया और हाईवे पर एक बड़ा हादसा होने से टल गया.

शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका: श्यामपुर थाना प्रभारी मनोहर भंडारी ने बताया कि-

प्राथमिक जांच में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगने की आशंका जताई जा रही है. पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है. फिलहाल आग बुझाने के बाद यातायात को सुचारू कर दिया गया है.
-मनोहर भंडारी, थाना प्रभारी, श्यामपुर, हरिद्वार-
सीएफओ वंश बहादुर यादव ने बताया कि-
लोहे के माल से लोडेड ट्रक में आग लगने की सूचना मिलने पर फायर यूनिट तत्काल घटनास्थल पहुंची. टीम ने पाया कि हाईवे पर खड़ा ट्रक भीषण आग की चपेट में है. ट्रक चेन्नई से हरिद्वार स्थित भेल फैक्ट्री जा रहा था. स्टेयरिंग के पास शॉर्ट सर्किट होने से आग लगी थी. फायर यूनिट ने तत्काल आग को बुझाया. इस दुर्घटना से ट्रक के आगे का हिस्सा एवं एक मोबाइल फोन को क्षति पहुंची है जबकि कोई जनहानि नहीं हुई.
-वंश बहादुर यादव, सीएफओ, हरिद्वार-
ये भी पढ़ें: उत्तराखंड में भीषण सड़क हादसा, वाहन के पलटने के बाद लगी आग, दो लोग चोटिल

