जयपुर में कोचिंग छात्रा ने की आत्महत्या, बहन के साथ हॉस्टल में रह रही थी, जांच में जुटी पुलिस
जयपुर के गोपालपुरा स्थित बसंत विहार पीजी हॉस्टल में कोचिंग छात्रा ने आत्महत्या कर ली. पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है.

Published : December 22, 2025 at 10:47 AM IST
जयपुर: राजधानी के गोपालपुरा इलाके में स्थित बसंत विहार कॉलोनी के एक पीजी हॉस्टल में रविवार को एक कोचिंग छात्रा ने खुदकुशी कर ली. मृतका की पहचान 20 वर्षीय निशा मीणा के रूप में हुई है, जो मूलतः करौली जिले के टोडाभीम की रहने वाली थी. निशा अपनी बहन के साथ रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही थी. घटना की सूचना मिलते ही बजाज नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी भिजवाया. फिलहाल, छात्रा के पास से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है, जिससे खुदकुशी के कारणों का पता नहीं चल सका है. पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है.
हॉस्टल संचालक की सूचना पर पहुंची पुलिस: बजाज नगर थानाधिकारी पूनम चौधरी ने बताया कि हॉस्टल संचालक की सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची. कमरे का दरवाजा अंदर से बंद होने के कारण गेट तोड़कर अंदर प्रवेश किया गया, जहां निशा का शव मिला. प्रारंभिक जांच में पता चला है कि निशा की मौत खुदकुशी से हुई है. शव का पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है और परिजनों से पूछताछ की जा रही है.
इसे भी पढ़ें- जैसलमेर के लाठी में युवक ने दी जान, मानसिक रूप से था परेशान
एक महीने पहले बहन के साथ आई थी हॉस्टल: थानाधिकारी ने बताया कि जानकारी के अनुसार, निशा के पिता हरियाणा में स्टेशन मास्टर के पद पर कार्यरत हैं. वह पहले जगतपुरा इलाके में अपने चाचा के पास रह रही थी, लेकिन करीब एक महीने पहले अपनी बहन के साथ बसंत विहार के इस पीजी हॉस्टल में शिफ्ट हो गई थी. दोनों बहनें मिलकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही थीं.
बहन बाहर गई थी, लौटने पर दरवाजा बंद मिला: रविवार को निशा की बहन किसी काम से बाहर गई हुई थी. वापस लौटने पर कमरे का दरवाजा बंद मिला. काफी देर तक आवाज लगाने और कॉल करने पर भी कोई जवाब नहीं मिला तो बहन ने हॉस्टल संचालक को सूचना दी. संचालक ने पुलिस को सूचित किया, जिसके बाद यह दर्दनाक घटना सामने आई.
इसे भी पढ़ें- सेंट्रल जेल में आजीवन कारावास की सजा काट रहे युवक ने की खुदकुशी

