ETV Bharat / state

50 लाख की फिरौती का मास्टरमाइंड निकला ट्रिपल मर्डर का फरार आरोपी, 3 दिन की पुलिस रिमांड पर

अनूपगढ़ में कपड़ा व्यापारी से 50 लाख रुपये की फिरौती मांगने का आरोपी ट्रिपल मर्डर केस में ढाई साल से फरार चल रहा था.

कपड़ा व्यापारी से 50 लाख रुपये की फिरौती
फिरौती मांगने के आरोपी (ETV Bharat Anupgarh)
author img

By ETV Bharat Rajasthan Team

Published : February 22, 2026 at 2:13 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

अनूपगढ़: शहर के एक कपड़ा व्यापारी से 50 लाख रुपये की फिरौती मांगने के सनसनीखेज मामले में गिरफ्तार तीनों आरोपियों को शनिवार को अनूपगढ़ न्यायालय में पेश किया गया, जहां से अदालत ने उन्हें तीन दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया. पूछताछ में सामने आई जानकारी ने पुलिस को भी चौंका दिया है.

थानाधिकारी ईश्वर प्रसाद जांगिड़ ने बताया कि 12 फरवरी को मुख्य आरोपी महकदीप सिंह ने अपने रिश्तेदार जगदीप सिंह के मोबाइल इंटरनेट का उपयोग कर व्यापारी को कुख्यात नाम कार्तिक जाखड़ के नाम से धमकी दी और 50 लाख रुपये की मांग की. जब व्यापारी ने फोन स्विच ऑफ कर लिया तो अगले दिन उसके पिता को कॉल कर धमकी दी गई. 17 फरवरी को व्यापारी की लिखित शिकायत पर मामला दर्ज कर एएसआई लालचंद शर्मा के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई और तीन दिन के भीतर महकदीप सिंह, अमरीक सिंह और जगदीप सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया.

इसे भी पढ़ें- लॉरेंस बिश्नोई गैंग का नया तरीका: आम लोग बने कूरियर, फिरौती की रकम ऐसे लगा रहे ठिकाने

ट्रिपल मर्डर मामले में फरार था आरोपी: थानाधिकारी ने बताया कि जांच में खुलासा हुआ कि मुख्य आरोपी महकदीप सिंह का आपराधिक रिकॉर्ड लंबा और गंभीर है. वर्ष 2023 में पंजाब के तरनतारन जिले के हरिके थाना क्षेत्र में हुए ट्रिपल मर्डर केस में वह ढाई साल से फरार चल रहा है. आरोप है कि 8 नवंबर 2023 को लूट की नीयत से घर में घुसकर इकबाल सिंह, उसकी पत्नी और पत्नी की बहन की हत्या कर दी गई थी तथा घर के एक व्यक्ति को बंधक बनाकर दरिया में फेंक दिया गया था.

इसके अलावा महकदीप सिंह के खिलाफ हत्या का मुकदमा, आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण, फायरिंग और फिरौती मांगने के मामले दर्ज हैं. हनुमानगढ़ में व्यापारी इंद्र हिसारिया की दुकान पर फायरिंग की घटना में भी उसका नाम सामने आया था. बताया जा रहा है कि जेल में उसकी मुलाकात कुख्यात अपराधी ऋतिक बॉक्सर से हुई थी, जिसके संपर्क में आने के बाद उसकी आपराधिक गतिविधियां बढ़ीं. फिलहाल पुलिस रिमांड के दौरान आरोपियों से गहन पूछताछ जारी है. पुलिस का कहना है कि आने वाले दिनों में और भी बड़े खुलासे हो सकते हैं तथा अन्य मामलों में भी जांच की जा रही है.

इसे भी पढ़ें- Extortion Gang : व्यापारियों की रेकी कर गैंग को देते थे सूचनाएं, पुलिस ने दो को दबोचा