बहरोड़: सोसायटी परिसर में कार ने 3 साल के मासूम को कुचला, चालक फरार
पुलिस ने मामला दर्ज कर कार को जब्त कर लिया. चालक की तलाश जारी है.

Published : January 9, 2026 at 8:56 PM IST
बहरोड़: दिल्ली-जयपुर हाईवे 48 पर उपवन सोसायटी में एक कार ने 3 साल के एक मासूम बच्चे को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया. पूरा घटनाक्रम सोसाइटी में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुआ है. बहरोड़ कोतवाली के सब-इंस्पेक्टर प्रदीप कुमार ने बताया कि शुक्रवार शाम करीब 4.30 बजे हादसा हुआ. मृत बच्चे की पहचान यश (3) पुत्र सोनू यादव के रूप में हुई.
मृतक बच्चे यश के पिता सोनू यादव ने बताया कि शुक्रवार की शाम उसका बेटा यश सोसायटी के कंपाउंड में खेल रहा था. इस दौरान वह और बच्चे की मां कंपाउंड में ही बैठे थे. तभी एक कार सोसायटी से बाहर निकल रही थी. ड्राइवर ने लापरवाही से गाड़ी चलाते हुए बच्चे को कुचल दिया. इसके बाद वह गाड़ी लॉक करके मौके से भाग गया.
पढ़ें: दर्दनाक हादसा : दोस्त का जन्मदिन मनाकर आ रहे युवाओं की गाड़ी पलटी, तीन की मौत, आठ घायल
सीसीटीवी में कैद हुआ घटनाक्रम: सीसीटीवी फुटेज में दिख रहा है कि शाम 4 बजकर 27 मिनट पर 3 साल का यश सोसायटी के बाहर खेल रहा था. वह जमीन पर पड़ी किसी चीज को उठाने के लिए बैठ गया और उसे देखने लगा. इसी दौरान सोसायटी से बाहर निकल रही एक कार ने तेज रफ्तार से यश को अपनी चपेट में ले लिया और बच्चा कार के टायर के नीचे आ गया. ड्राइवर ने नीचे उतरकर देखा तो यश टायर में फंसा हुआ था. इस पर उसने गाड़ी को पीछे लेने की कोशिश की, लेकिन मासूम गाड़ी के बंपर में फंस गया. इस दौरान बच्चे की मां रेणु ने भागकर ड्राइवर को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन चालक छुड़ाकर भाग निकला.
यह भी पढ़ें: फॉर्च्यूनर और बाइक की आमने-सामने की टक्कर में दो युवकों की मौत, कार सवार बाल-बाल बचे
किराए पर रहता था परिवार: सोनू ने बताया कि वह नीमराना के नयागांव के रहने वाले हैं और अपने परिवार के साथ उपवन तुलसी सोसाइटी के टावर नंबर 7 में किराए पर रहते हैं. वह ट्रांसपोर्ट का काम करते हैं. सोनू यादव की 6 साल की बड़ी बेटी गुन्नू भी है. यश मात्र 11 दिन बाद 20 जनवरी को तीन साल का होने वाला था. हादसे की सूचना मिलते ही सोसाइटी के लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई. एसआई प्रदीप कुमार ने बताया कि बच्चे के शव को अस्पताल के मोर्चरी में रखवाया है. क्रेन की सहायता से कार को कब्जे में लेकर थाने भिजवाया गया है. परिजनों की रिपोर्ट पर पोस्टमॉर्टम की कार्रवाई की जाएगी.

