ETV Bharat / state

अल्मोड़ा: सोमेश्वर में अधूरिया के पास अनियंत्रित होकर पलटी कार, हल्द्वानी जा रहा था परिवार

दुर्घटना होते ही आसपास के लोग तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और कार में फंसे लोगों को बाहर निकालने में मदद की

SOMESHWAR CAR ACCIDENT
सड़क पर पलटी कार (Etv Bharat)
author img

By ETV Bharat Uttarakhand Team

Published : June 30, 2026 at 7:58 AM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

अल्मोड़ा: सोमेश्वर-हल्द्वानी मोटर मार्ग पर सोमवार सुबह अधूरिया के पास एक कार अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई. हादसे के समय कार में एक ही परिवार के सदस्य सवार थे. दुर्घटना के बाद मौके पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया, लेकिन स्थानीय लोगों की तत्परता और पुलिस की सक्रियता से सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया. गनीमत रही कि इस दुर्घटना में कोई जनहानि नहीं हुई और बड़ा हादसा टल गया.

अल्मोड़ा जिले के अधूरिया में कार पलटी: जानकारी के अनुसार बरशिला चनौदा निवासी बिशन सिंह राणा सोमवार को अपने परिवार के साथ निजी कार से हल्द्वानी जा रहे थे. जब उनकी कार अधूरिया के पास पहुंची, तो अचानक चालक का वाहन पर नियंत्रण बिगड़ गया. देखते ही देखते कार सड़क पर पलट गई. दुर्घटना होते ही आसपास के लोग तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और कार में फंसे लोगों को बाहर निकालने में मदद की. इसके बाद पुलिस को घटना की सूचना दी गई.

कार सवार परिवार के लोग सुरक्षित: सूचना मिलते ही कोतवाली सोमेश्वर पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया. दुर्घटना में कार सवार सभी लोगों को मामूली चोटें आईं, जिन्हें प्राथमिक उपचार दिया गया. किसी भी व्यक्ति को गंभीर चोट नहीं आई, जिससे सभी ने राहत की सांस ली. पुलिस ने क्रेन की सहायता से दुर्घटनाग्रस्त वाहन को सड़क से हटवाकर यातायात को सुचारू कराया.

अनियंत्रित होकर पलटी कार: प्रारंभिक जांच में दुर्घटना का कारण वाहन का अनियंत्रित होना बताया जा रहा है. हालांकि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. स्थानीय लोगों का कहना है कि बरसात के मौसम में इस मार्ग पर सड़कें काफी फिसलन भरी हो जाती हैं, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है. उन्होंने वाहन चालकों से सावधानीपूर्वक वाहन चलाने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने और मोड़ों पर विशेष सतर्कता बरतने की अपील की. प्रशासन ने भी बारिश के दौरान अनावश्यक जोखिम न लेने और सुरक्षित ड्राइविंग अपनाने की सलाह दी है, ताकि इस प्रकार की दुर्घटनाओं से बचा जा सके.
ये भी पढ़ें: चौखुटिया में भीषण हादसा, तेज रफ्तार कैंटर ने कार को मारी टक्कर, एक ही परिवार के 5 लोग घायल