बारात से लौटते वक्त दर्दनाक हादसा: नहर में एसयूवी गिरने से 3 की मौत, विधानसभा में उठा मुद्दा
हनुमानगढ़ के भादरा में बारात से लौटते समय सादुलपुर के युवकों की एययूवी कार नहर में गिर गई. प्रशासन का सर्च ऑपरेशन जारी है.

Published : February 21, 2026 at 7:48 PM IST
जयपुर: हनुमानगढ़ जिले के भादरा क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को शोक में डुबो दिया है. सादुलपुर तहसील के गांव बैजुआ निवासी मुकेश प्रजापत की गाड़ी अचानक अनियंत्रित होकर अजीतपुरा गांव के पास नहर में गिर गई, जिसमें सवार 3 युवकों की मौत हो गई, जबकि अन्य युवक अभी भी लापता हैं. यह हादसा राजगढ़ तहसील के गांव कानावासी से बारात में शामिल होकर लौटते समय देर रात हुआ.
भादरा SDM भागीरथ राम के अनुसार, यह गाड़ी राजगढ़ तहसील के गांव कानावासी से बारात लेकर गई हुई थी. खुशी का माहौल पल भर में मातम में बदल गया जब वापसी के दौरान यह हादसा हो गया. SDM ने बताया कि गाड़ी में कुल 5 लोग थे, जिसमें तीन लोगों के शव बरामद हो गए हैं, बाकि लोगों कि तलाश जारी है. युवकों की तलाश के लिए प्रशासन और स्थानीय ग्रामीणों द्वारा राहत एवं बचाव कार्य किया जा रहा है.
इसे भी पढ़ें- हनुमानगढ़ में नहर में गिरी जीप, एक की मौत, 2 लापता, सालासर बालाजी जा रहा था परिवार
सर्च ऑपरेशन जारी: उन्होंने बताया कि नहर में तेज बहाव के कारण सर्च ऑपरेशन में काफी मुश्किलें आ रही हैं. हादसे के बाद आसपास के ग्रामीणों ने तुरंत मदद के लिए पहुंचकर अफरा-तफरी के माहौल को संभाला, लेकिन दुर्घटना इतनी भीषण थी कि कई घंटों तक स्थिति नियंत्रण से बाहर रही. फिलहाल अन्य युवकों की तलाश जारी है.
विधानसभा में उठा मुद्दा: सादुलपुर विधायक मनोज न्यांगली ने शनिवार को राजस्थान विधानसभा में इस मुद्दे को जोरदार तरीके से उठाया. उन्होंने विधानसभा अध्यक्ष को हादसे की जानकारी देते हुए नहर का पानी रोककर लापता युवकों की तलाश तेज करने की मांग की. विधायक ने कहा कि यह हादसा सादुलपुर क्षेत्र के लिए एक बड़ा झटका है और परिवारों की पीड़ा को देखते हुए तत्काल कार्रवाई जरूरी है. प्रशासन द्वारा नहर में सर्च अभियान चलाया जा रहा है, लेकिन शनिवार का पूरा दिन बीत जाने के बावजूद लापता युवकों का कोई सुराग नहीं मिला है. साथ ही विधायक ने नहर के पास पुलिया पर जरूरी सुरक्षा इंतजाम करवाने के लिए कहा है.
इसे भी पढ़ें- बांसवाड़ा में अनियंत्रित होकर नहर में गिरी वैन, ड्राइवर की तलाश जारी

