कोटा-दौसा मेगा हाइवे पर अज्ञात वाहन ने बाइक सवार को रौंदा, गुस्साए लोगों ने लगाया जाम
अज्ञात वाहन की टक्कर के बाद दूर तक घिसटती चली गई बाइक. वाहन की तलाश में आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस.

Published : February 27, 2026 at 1:56 PM IST
बूंदी: जिले के लाखेरी थाना क्षेत्र से निकल रहे कोटा-दौसा मेगा हाइवे पर शुक्रवार को सड़क हादसा हो गया. बालाजी पेट्रोल पंप के समीप अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार की मौके पर मौत हो गई. हादसे के बाद परिजनों और ग्रामीणों में जबरदस्त आक्रोश फैल गया. उन्होंने हाइवे जाम कर दिया. दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गई.
लाखेरी थाना प्रभारी सुभाष शर्मा के अनुसार, लाखेरी निवासी जगदीश सैनी बाइक से गुजर रहे थे कि तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि जगदीश की मौके पर ही मौत हो गई. हादसे के बाद चालक वाहन समेत फरार हो गया. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर के बाद बाइक दूर तक घिसटती चली गई. सूचना मिलते ही लाखेरी पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है.
थाना प्रभारी सुभाष शर्मा ने बताया, हादसे की खबर मिलते ही परिजन और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए. आक्रोशित भीड़ ने कोटा-दौसा मेगा हाइवे पर जाम लगा दिया. प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. परिजनों की मांग है कि वाहन चालक को शीघ्र गिरफ्तार किया जाए. मृतक परिवार को उचित आर्थिक सहायता दी जाए. पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे. समझाइश की. हाइवे के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं. सूचना पर उपखंड अधिकारी सुरेन्द्र सिंह, पुलिस उपाधीक्षक नरेंद्र नागर मौके पर पहुंचे. लोगों से समझाइश की.

पुलिस उपाधीक्षक नागर ने बताया कि करीब 10 बजे कोटा-दौसा मेगा हाइवे पर हादसे की सूचना मिली. गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने शव के साथ जाम लगाकर प्रदर्शन किया. समझाइश जारी है. ग्रामीणों की मांग है, लगातार हाइवे पर तेज गति से चलने वाले बड़े वाहनों का प्रवेश बंद किया जाए.लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर आए दिन दुर्घटनाएं होती हैं, लेकिन ठोस कार्रवाई नहीं होने से हादसों का सिलसिला थम नहीं रहा.
पढ़ें:जयपुर में रफ्तार का कहर : बेकाबू कार ने बाइक सवार तीन लोगों को मारी टक्कर, एक की मौत

