भालू ने खेत में काम कर रही 70 साल की बुजुर्ग महिला पर किया हमला, हायर सेंटर रेफर
उत्तरकाशी के सेकू गांव की 70 वर्षीय प्यारदेई अपने खेतों में काम कर रही थीं, अचानक भालू ने उन पर हमला कर दिया

By ETV Bharat Uttarakhand Team
Published : November 12, 2025 at 10:49 AM IST
उत्तरकाशी: जनपद में लगातार आबादी क्षेत्र में गुलदार और भालुओं के आंतक से ग्रामीण परेशान हैं. इनमें अधिकतर हमले भालू के हो रहे हैं. मंगलवार शाम को अस्सी गंगा घाटी के सेकू गांव में खेतों में काम कर रही बुजुर्ग महिला पर भालू ने अचानक हमला कर दिया.
खेत में काम कर रही महिला पर भालू ने किया हमला: आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाकर किसी तरह भालू को वहां से भगाया. भालू के हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई. ग्रामीणों ने घायल को निजी वाहन से जिला अस्पताल पहुंचाया. वहां डॉक्टरों ने उसका प्राथमिक उपचार कर हायर सेंटर रेफर कर दिया है. इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि भालू ने महिला पर कितना घातक हमला किया है. घटना के बाद वन विभाग के कर्मचारी भी जिला अस्पताल में पहुंचे. वन विभाग के उच्च अधिकारियों की ओर से फोन न उठाने पर स्थानीय लोगों में नाराजगी का माहौल बना हुआ है.
भालू के हमले में 70 साल की बुजुर्ग महिला घायल: मंगलवार शाम को सेकू गांव निवासी 70 वर्षीय प्यारदेई अपने खेतों में काम कर रही थी. तभी अचानक भालू ने उन पर हमला कर दिया. हमले में उनके चेहरे पर गंभीर चोटें आई. आसपास मौजूद लोगों ने किसी तरह भालू को वहां से भगाकर महिला को उसके चंगुल से छुड़वाया और उसे अस्पताल पहुंचाया. वहां से घायल महिला को हायर सेंटर रेफर किया गया.
सीएमएस ने बताया घायल महिला का हाल: सीएमएस डॉ पीएस पोखरियाल ने बताया कि-
भालू के हमले से महिला की आंख से नीचे पूरा चेहरा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुआ है. उनका बहुत अधिक खून भी बहा है. घायल को खून चढ़ाकर अस्पताल एम्बुलेंस से हायर सेंटर रेफर किया गया.
-डॉ पीएस पोखरियाल, सीएमएस-
वन विभाग के अधिकारियों पर लापरवाही का आरोप: वहीं, स्थानीय निवासी धर्मेंद्र पंवार, संजय पंवार, चतर सिंह और राजेंद्र का कहना है कि घटना के बाद वन विभाग के उच्च अधिकारियों से फोन पर सम्पर्क किया गया. लेकिन किसी अधिकारी ने फोन नहीं उठाया. ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि पहले भी जब अफसरों को फोन लगाया गया तो उन्होंने कभी फोन नहीं उठाया. भालू के लगातार बढ़ रहे हमलों से ग्रामीण क्षेत्रों में भय का माहौल बना हुआ है. ग्रामीणों का आरोप है कि विभाग की ओर से फिर भी कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा है.
रेंज अधिकारी ने कहा गश्त हो रही है: रेंज अधिकारी मुकेश रतूड़ी ने कहा कि-
महिला पर भालू ने हमला किया है. सूचना पाकर कर्मचारियों को अस्पताल भेजा गया है. विभाग की ओर से लगातार लोगों को सतर्क कर गश्त की जा रही है.
-मुकेश रतूड़ी, रेंज अधिकारी-
ये भी पढ़ें:
- कम बर्फबारी और ठंड में देरी ने भालुओं की उड़ाई नींद, इंसानों पर कर रहे हमला, महकमा परेशान
- पिथौरागढ़ में भालू के हमले में महिला की मौत, दहशत में ग्रामीण
- उत्तराखंड में यहां दिनदहाड़े गांव में घुसा भालू, लोगों की अटकी सांसें
- अग्निवीर भर्ती की तैयारी कर रहे युवकों पर भालू ने किया हमला, इलाके में जंगली जानवरों की दहशत
- मुनस्यारी में भालू का हमला, 5 मिनट तक लड़ता रहा 67 साल का चरवाहा, घायल होकर पैदल चला 1 किमी
- उत्तराखंड में अब साल के 12 महीने डरा रहा भालू, शाकाहारी से बना खूंखार शिकारी!
- उत्तराखंड में भालू के हमले में ग्रामीण की मौत, लोगों का जंगल जाना हुआ मुश्किल

