ETV Bharat / state

खेलने के दौरान पानी के खुले टैंक में गिरा 5 साल का बालक, हुई मौत

खेलते समय 5 साल का बालक कब खुले टैंक के पास पहुंचा गया, किसी को पता नहीं चला.

Etv BharatBoy falls into open water tank
खुले पानी के टैंक में गिरा बालक (ETV Bharat Udaipur)
author img

By ETV Bharat Rajasthan Team

Published : January 10, 2026 at 3:34 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

उदयपुर: जिले के गोगुंदा थाना क्षेत्र से एक दर्दनाक हादसा सामने आया है. क्षेत्र के एक गांव में घर के बाहर खेल रहा एक 5 वर्षीय मासूम अचानक खुले पानी के टैंक में गिर गया. जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई. वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.

मृतक बालक गणेश घर के बाहर खेल रहा था. खेलते-खेलते वह कब पास ही बने खुले पानी के टैंक के पास पहुंच गया, इसका किसी को अंदाजा नहीं लगा. कुछ देर बाद जब गणेश घर में नजर नहीं आया, तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की. आसपास खोजबीन करने के दौरान जब पानी के टैंक की ओर ध्यान गया, तो वहां का दृश्य देखकर सभी के होश उड़ गए. मासूम का शव टैंक के पानी में तैरता हुआ मिला.

पढ़ें: शिक्षक की पानी के टैंक में गिरने से मौत, नहाने के दौरान हुआ हादसा

गोगुंदा थाना पुलिस को जानकारी दी गई. सूचना मिलते ही पुलिस जाब्ता मौके पर पहुंचा और परिजनों की मदद से बच्चे के शव को पानी के टैंक से बाहर निकलवाया गया. इसके बाद शव को गोगुंदा अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया. परिजनों द्वारा दी गई रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव का पोस्टमार्टम करवाया और अंतिम संस्कार के लिए शव परिजनों को सौंप दिया. पुलिस ने मामले में मर्ग दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. गोगुंदा थाना अधिकारी श्याम सिंह चारण ने आमजन से अपील की है कि घरों के बाहर बने पानी के टैंक, कुएं या अन्य जलस्रोतों को हमेशा ढककर रखें. थोड़ी सी लापरवाही भी अनमोल जिंदगियों को छीन सकती है. यह हादसा सभी के लिए एक गंभीर चेतावनी है.