राम भक्ति हो तो ऐसी! 450 KM स्केटिंग कर अयोध्या पहुंची 9 साल की बच्ची, जानिए कौन है और कैसे पूरा किया सफर?
फिरोजाबाद के शिकोहाबाद से 3 जनवरी को निकली थी बच्ची, अयोध्या में राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने किया स्वागत और सम्मान

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : January 9, 2026 at 5:00 PM IST
|Updated : January 9, 2026 at 5:11 PM IST
अयोध्या: यूपी में इस समय कड़ाके की ठंड पड़ रही है, जिसे लोगों का घर से निकलना दूभर हो गया है. ऐसे में एक बच्ची ने भगवान राम की भक्ति में ऐसा कुछ किया है, जिसे सुनकर लोग हैरत में भी हैं और तारीफ भी कर रहे हैं. आइए जानते हैं कौन है ये बच्ची, कैसे पहुंची राम दरबार?
दरअसल, भीषण ठंड में रामलला का दर्शन करने फिरोजाबाद के शिकोहाबाद से स्केटिंग करते हुए 6 दिन में 9 साल की वंशिका यादव अयोध्या पहुंची है. जहां श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की तरफ से वंशिका का स्वागत किया गया. इसके बाद वंशिका ने मंदिर में रामलला और राम दरबार का दर्शन पूजन किया. वंशिका के सफर की बात सुनकर लोग आश्चर्यचकित हो गए.
राम भक्ति हो तो ऐसी! 450 KM स्केटिंग कर अयोध्या पहुंची 9 साल की बच्ची#rammandir #AyodhyaDham #UPNews pic.twitter.com/dSI9sVAnVE
— ETVBharat UttarPradesh (@ETVBharatUP) January 9, 2026
बता दें कि श्री राम दर्शन के लिए वंशिका शिकोहाबाद से स्केटिंग करते हुए 3 जनवरी शनिवार को निकली थी और लगभग 6 दिन बाद शुक्रवार को राम मंदिर पहुंची. अयोध्या से शिकोहाबाद के लिए सड़कों, गली-मोहल्लों से होते हुए वंशिका ने लगभग 450 किलोमीटर की दूरी तय की है. फिरोजाबाद की रहने वाली वंशिका के आगे-पीछे उसके पिता शिव शंकर यादव और चाचा कार से चल रहे थे. जिसका बकायदे वीडियो भी बनाया गया, जिसमें वह सड़क पर दूरी और स्थान को प्रदर्शित करने वाले पत्थरों पर पड़ी धूल और ढके झाड़ियों को भी साफ करती नजर आती है.

राम मंदिर के ट्रस्टी डॉ. अनिल मिश्र ने कहा कि शिकोहाबाद से आई वंशिका की भक्ति भगवान स्वयं देख रहे हैं. 450 किलोमीटर लंबा सफर तय कर इस बालिका ने देशभर के युवाओं को बड़ा संदेश दिया है कि कोई भी कार्य यदि ठान लिया जाए तो वह जरूर पूरा होता है. उन्होंने कहा कि इस ठंड में स्केटिंग कर अयोध्या आने का संकल्प भावुक करने वाला है. बड़ी ही बहादुरी के साथ यह बेटी अयोध्या पहुंची है. इस संकल्प को पूरा करने के लिए उनके माता-पिता को बधाई.
यह भी पढ़ें: अयोध्या राम मंदिर में सम्पूर्ण दर्शन के लिए मिलेगा पास, 14 मंदिरों का कर सकेंगे दर्शन, जानें डेट

