शाहजहांपुर में मिलावट के ख़िलाफ़ जंग; 894 लीटर तेल सीज,25 पेटी नूडल्स और 110 किलो नमकीन नष्ट
होली पर्व से पहले मिलावटखोरों और एक्सपायरड खाद्य सामग्री पर शिकंजा कसते हुए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन ने जिले में बड़ी कार्रवाई की.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : February 25, 2026 at 8:54 AM IST
|Updated : February 25, 2026 at 11:38 AM IST
शाहजहांपुर: उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर में होली पर्व से पहले मिलावटखोरों और एक्सपायरड खाद्य सामग्री पर शिकंजा कसते हुए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन ने जिले में बड़ी कार्रवाई की. खाद्य विभाग की टीम ने 894 लीटर तेल सीज किया है. इसके साथ ही एक्सपायर्ड 25 पेटी नूडल्स और 110 किलो नमकीन नष्ट की है.
दरअसल आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, उत्तर प्रदेश, लखनऊ तथा जिलाधिकारी धर्मेन्द्र प्रताप सिंह के निर्देश पर यह अभियान चलाया गया. सहायक आयुक्त (खाद्य)-II चन्द्रशेखर मिश्र के निर्देशन और मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी वागीश मणि त्रिपाठी के नेतृत्व में टीम ने 24 फरवरी 2026 को फर्रुखाबाद रोड, कलान स्थित राघव एजेंसीज पर छापेमारी की.
यहां से राइस ब्रान ऑयल (राज कोल्हू ब्रांड) और कच्ची घानी सरसों का तेल (डबल बादशाह ब्रांड) के दो नमूने नियमानुसार लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए.
कार्रवाई के दौरान एक्सपायरी श्री ब्रांड नमकीन करीब 110 किलोग्राम (अनुमानित मूल्य 20,000) तथा 25 पेटी नूडल्स (अनुमानित मूल्य 5,000) को मौके पर ही नष्ट कराया गया.
एक दिन पूर्व 23 फरवरी 2026 को राज्य स्तरीय सचल दल ने जमौर स्थित के.सी. एडिबल ऑयल और गढ़ी गाड़ीपुरा स्थित गर्ग एडिबल ऑयल पर भी छापेमारी की थी. यहां से कुल छह नमूने राइस ब्रान ऑयल, मल्टीसोर्स एडिबल ऑयल, रिफाइंड सनफ्लावर ऑयल, रिफाइंड सोयाबीन ऑयल, शाही किसान मल्टीसोर्स एडिबल ऑयल और साँवरिया कच्ची घानी सरसों का तेल संग्रहित किए गए। जांच के दौरान करीब 894 लीटर खाद्य तेल (अनुमानित मूल्य 1,41,260) को सीज कर दिया गया.
खाद्य विभाग के सहायक आयुक्त (खाद्य)-II चन्द्रशेखर मिश्र का कहना है कि होली पर्व तक यह अभियान लगातार जारी रहेगा, ताकि उपभोक्ताओं को सुरक्षित और मानक अनुरूप खाद्य सामग्री उपलब्ध कराई जा सके.
ये भी पढ़ें- शाहजहांपुर में होली से पहले मस्जिदों और मजारों को तिरपाल से ढका गया, जानिए 'लाट साहब' की कहानी

