83वीं अखिल भारतीय पुरुष रेलवे हॉकी चैंपियनशिप, नौ जोन की टीमें हो रहीं शामिल
रांची में एक बार फिर से हॉकी का जलवा शुरू हो गया है.

Published : February 19, 2026 at 4:12 PM IST
रांची: 83वीं अखिल भारतीय पुरुष रेलवे हॉकी चैंपियनशिप लीग का आयोजन रांची रेल मंडल में किया जा रहा है. रेलवे स्पोर्ट्स प्रमोशन बोर्ड नई दिल्ली के सौजन्य से आयोजित इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता की मेजबानी इस वर्ष रांची रेल मंडल कर रहा है. एस्ट्रोटर्फ हॉकी स्टेडियम में खेले जा रहे मुकाबलों में देशभर के राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं.
इस चैंपियनशिप लीग में भारतीय रेलवे की विभिन्न जोनल रेलवे और इकाइयों की कुल 9 टीमें हिस्सा ले रही हैं. इनमें दक्षिण मध्य रेलवे, दक्षिण पश्चिम रेलवे, रेल व्हील फैक्टरी बेंगलुरु, पूर्व तट रेलवे, उत्तर मध्य रेलवे, उत्तर पूर्व रेलवे, पश्चिम मध्य रेलवे, उत्तर पश्चिम रेलवे और दक्षिण पूर्व रेलवे शामिल हैं. सभी टीमें खिताब जीतने के उद्देश्य से दमखम दिखा रही हैं, जिससे प्रतियोगिता में कड़ा और रोमांचक मुकाबला देखने को मिल रहा है.

रांची रेल मंडल के लिए यह गर्व का अवसर है कि देश के 9 जोन से राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी यहां एक मंच पर खेल रहे हैं. हमें विश्वास है कि यह प्रतियोगिता खेल भावना को और मजबूत करेगी तथा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने का बेहतर अवसर देगी. -सुची सिंह, सीनियर डीसीएम, रांची रेल मंडल.
रांची जैसे खेल प्रेमी शहर में इस स्तर की प्रतियोगिता का आयोजन खिलाड़ियों और दर्शकों के लिए खास महत्व रखता है. झारखंड की धरती हॉकी के लिए जानी जाती है और यहां के खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी अलग पहचान बनाई है. ऐसे में रेलवे की इस प्रतिष्ठित चैंपियनशिप का यहां आयोजित होना राज्य के खेल जगत के लिए गौरव की बात मानी जा रही है.

इस प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों के बीच खेल भावना और आपसी समन्वय भी देखने को मिल रहा है. मैदान पर जहां एक ओर तेज रफ्तार खेल और रणनीति का प्रदर्शन हो रहा है, वहीं दूसरी ओर अनुशासन और टीम वर्क की मिसाल भी पेश की जा रही है. खेल प्रेमियों की उपस्थिति से स्टेडियम में उत्साह का माहौल बना हुआ है.

83वीं अखिल भारतीय पुरुष रेलवे हॉकी चैंपियनशिप लीग रांची में पूरे जोश और प्रतिस्पर्धा के साथ आगे बढ़ रही है. जहां आने वाले मुकाबलों में और भी रोमांच देखने को मिलने की उम्मीद है.

इसे भी पढ़ें- 69वीं नेशनल स्कूल हॉकी चैंपियनशिप: झारखंड ने रचा इतिहास, अंडर-17 बालक-बालिका दोनों वर्गों में बना राष्ट्रीय चैंपियन
इसे भी पढ़ें- राष्ट्रीय स्कूली हॉकी प्रतियोगिता: मेजबान झारखंड शानदार प्रदर्शन, सेमीफाइनल में बालक और बालिका टीम
इसे भी पढ़ें- राष्ट्रीय स्कूली हॉकी प्रतियोगिता: मेजबान झारखंड की बालक-बालिका टीमों ने प्री-क्वार्टर फाइनल में बनाई जगह

